घरेलू गैस सिलेंडर के लिए नारेबाजी
संवाद सहयोगी, हीरानगर : तहसील में पिछले करीब ढाई माह से घरेलू गैस सिलेंडरों की सप्लाई न होने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सोमवार को लोगों और व्यापार मंडल के सदस्यों ने सांझी मोड़ पर प्रदर्शन करते हुए प्रशासन से सप्लाई देने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों में व्यापार मंडल प्रधान भानू प्रकाश गुप्ता, कर्ण कुमार ने कहा कि सांबा से आने वाले सप्लाई पिछले करीब ढाई माह से नहीं हुई है जिससे यहां लोग परेशान हो गए हैं। उन्होंने घरेलू गैस सिलेंडर हर घर की जरूरत है लेकिन यहां लोगों को सप्लाई न मिलने से दिक्कतें हो रही हैं। कई लोग सांबा तक जा रहे हैं लेकिन उन्हें निराशा ही हाथ मिल रही है। उन्होंने कहा कि प्रशासन से भी कई बार सप्लाई बहाल किए जाने की मांग को लेकर गुहार लगाई जा चुकी है लेकिन आश्वासनों के सिवाय उन्हे कुछ हासिल नहीं हुआ है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर सप्लाई बहाल नहीं की गई तो वह आंदोलन तेज करने के लिए मजबूर हो जाएंगे।
प्रदर्शनकारियों में लक्की पंडित, बलविंद्र सिंह, सुरेश सैनी, सोहन लाल अंगराल, विनय महाजन आदि मौजूद थे।