जम्मू: दफ्तर में बैठे थे युवा राजपूत सभा के वाइस प्रधान, अचानक घुसे 8 लोग और हथियारों से किया हमला; हालत गंभीर
जम्मू के घरोटा में युवा राजपूत सभा के वाइस प्रधान काका लंगेह पर उनके कार्यालय में घुसकर करीब आठ लोगों ने तेजधार हथियारों से हमला किया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है।

युवा राजपूत सभा के प्रधान दिलावर सिंह ने सख्त कार्रवाई की मांग की। (फाइल फोटो)
HighLights
युवा राजपूत सभा के वाइस प्रधान पर कार्यालय में हमला।
तेजधार हथियारों और नुकीली तारों वाले बैट से वार।
पुलिस ने मामला दर्ज कर हमलावरों की तलाश शुरू की।
जागरण संवाददाता, जम्मू। जम्मू के ग्रामीण क्षेत्र घरोटा में युवा राजपूत सभा के वाइस प्रधान पर उनके कार्यालय में घुसकर हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि करीब आठ लोगों ने कार्यालय में घुसकर उन पर तेजधार हथियारों और नुकीली तारें लिपटे बेसबॉल बैट से हमला किया। इस हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पहले वैरवाल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज बशीर नगर रेफर कर दिया गया।
युवा राजपूत सभा के प्रधान दिलावर सिंह के अनुसार, घटना के समय वाइस प्रधान काका लंगेह, सुनील चिब और एक अन्य साथी कार्यालय में बैठे हुए थे।
इसी दौरान कुछ लोग अचानक कार्यालय में दाखिल हुए और वाइस प्रधान पर हमला कर दिया। हमले में उनके सिर, घुटनों, हाथों, पीठ और पैरों पर चोटें आई हैं।
हमले में दूसरी सभा से जुड़े कुछ लोगों के शामिल होने का आरोप
दिलावर सिंह ने आरोप लगाया कि हमले में दूसरी सभा से जुड़े कुछ लोग शामिल हैं। उन्होंने आशंका जताई कि इस वारदात के पीछे किसी अन्य व्यक्ति की साजिश हो सकती है। उनका कहना है कि घायल पदाधिकारी के होश में आने के बाद ही इस मामले से जुड़ी अन्य जानकारियां सामने आ सकेंगी।
घटना के बाद सभा के सदस्यों ने हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि आपसी मतभेदों को बातचीत के जरिए सुलझाया जाना चाहिए, न कि हिंसा का सहारा लेकर। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की।
हमले में घायल काका लंगेह की मां ने आरोप लगाए कि हमलावर उनके बेटे के गले से सोने की चेन, कडा, नकदी भी अपने साथ ले गए हैं।
उधर, घरोटा पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और हमले में शामिल आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।