जम्मू विवि में बदलेगा कामकाज का तरीका
कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए जारी लॉकडाउन की समाप्ति के बाद जम्मू विश्वविद्यालय प्रशासनिक व अकादमिक पूरी एहतियात बरतते हुए कामकाज के लिए नया रास्ता अपनाएगा।
राज्य ब्यूरो, जम्मू : कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए जारी लॉकडाउन की समाप्ति के बाद जम्मू विश्वविद्यालय प्रशासनिक व अकादमिक पूरी एहतियात बरतते हुए कामकाज के लिए नया रास्ता अपनाएगा।
वाइस चांसलर की सभी विभागों के डीन, रिक्टर, वरिष्ठ अधिकारियों के साथ झूम ऐप के जरिए हुई बैठक में कई अहम फैसले लिए गए। सुझावों पर अमल करते हुए कुछ कार्य योजनाएं भी बनाई जाएंगी। सूचना तकनीक विभाग के डायरेक्टर से कहा गया है कि वे डिजिटल तरीकों की पहचान करें ताकि फाइलों की मूवमेंट को कम किया जा सके। बैठक में सामाजिक दूरी सुनिश्चित बनाने के लिए कार्य योजना बनाई जाए। विवि कैंपस में सैनिटाइजेशन टनल की संभावनाओं को तलाशा जाएगा
प्लानिग और डेवलपमेंट के डीन प्रो. आरके गंजू ने कहा कि विद्यार्थियों व सिविल सोसायटी के लिए हेल्पलाइन और काउंसलिग सेल बनाया जाए। इससे विद्यार्थियों व सिविल सोसायटी को अहम जानकारियां मिलेंगी। विश्वविद्यालय कैंपस में विभिन्न जगहों पर सैनिटाइजेशन टनल बनाने की संभावनाओं को तलाशा जाएगा। इसके लिए डायरेक्टर कॉलेजिस डेवलपमेंट काउंसिल से कहा गया है कि वह टनल बनवाने के लिए कार्य योजना पर अमल करें। दाखिले व अकादमिक मामलों पर हो रहा विचार विमर्श : प्रो. केशव
अकादमिक मामलों के डीन प्रो. केशव शर्मा ने कहा कि दाखिले व अन्य अकादमिक मामलों के लिए विचार विमर्श किया जा रहा है। अन्य फैसले लॉकडाउन खुलने के बाद ही होंगे। कंट्रोलर प्रो. रजनीकांत ने कहा कि परीक्षाएं करवाने और परिणाम घोषित करने की कार्ययोजना बनाई जा रही है। अगले दो तीन दिन में इसका खुलासा किया जाएगा। विश्वविद्यालय में कर्मचारियों को रोटेशनल आधार पर बुलाया जा सकता है। इसके लिए ग्रुप बनाए जाएंगे, जिससे काम प्रभावित नहीं होगा और सामाजिक दूरी भी बनी रहेगी। सुरक्षा के लिए कुछ सामान भी खरीदा जाएगा। रही बात रिसर्च गतिविधियों की तो विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) की तरफ से मिलने वाले दिशानिर्देशों का पालन करते हुए तीन से छह महीने की छूट दी जाएगी। इस संबंध में जल्द ही अधिसूचना जारी कर दी जाएगी।
सैनिटाइजर व मास्क की कमी को पूरा किया जाए : प्रो. जसबीर सिंह
लड़कियों के हॉस्टल की प्रोवोस्ट प्रो. शशि मन्हास ने कहा कि परिसर के बाहर कुछ जगहों से दीवारें टूटी हुई हैं। दीवारों की मरम्मत की जाए। डीन स्टूडेंट वेलफेयर प्रो. जसबीर सिंह ने कहा कि सैनिटाइजर और मास्क की कमी को पूरा किया जाए। कैंपस में सैनिटाइजेशन की जा रही है।
-----------