कुत्ते की वफादारी से बची महिला की जान, रीछ हमले में घायल हुई महिला
परिवार के सदस्यों ने बताया कि रात्रि को खाना खाने के बाद घर के अन्य सदस्य सोने के लिए चले गए। जैसे ही महिला रसोई का कार्य खत्म कर बाहर निकली तो रीछ ने उस पर हमला कर दिया।
पुंछ, संवाद सहयोगी। ऐसा कहा जाता है कि कुत्ते मालिक के वफादार होते हैं। इंसान भले ही अपने मालिक को धोखा दे दें, लेकिन कुत्ते वफादारी निभाते हैं। मंगलवार की रात पुंछ जिले के गांव साब्जियां में वफादारी निभाते हुए एक कुत्ते ने महिला की रीछ से जान बचाई। हालांकि रीछ के हमले से महिला घायल हो गई है। उसे पहले साब्जियां के चिकित्सा केंद्र में लाया गया, जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल पुंछ रेफर कर दिया। वहां पर उसका जारी है। घायल महिला की पहचान सरिया बेगम पत्नी अली मुहम्मद निवासी साब्जियां के रूप में हुई है।
परिवार के सदस्यों ने बताया कि रात्रि को खाना खाने के बाद घर के अन्य सदस्य सोने के लिए चले गए। जैसे ही महिला रसोई का कार्य खत्म कर बाहर निकली तो रीछ ने उस पर हमला कर दिया। चीख सुनकर महिला के बेटे ने उसे बचाने की कोशिश की तो रीछ ने महिला को छोड़कर पुत्र पर हमला कर दिया। पुत्र के हाथ में लाठी थी, जिससे वह बाल-बाल बच गया।
तभी पालतू कुत्ता भी वहां पर पहुंच गया और रीछ की तरफ बढ़ते हुए जोर-जोर से भौंकने लगा। जिसके बाद रीछ थोड़ा पीछे हुआ। इसी दौरान घर के अन्य सदस्य भी वहां पर पहुंच गए और रीछ को वहां से भगा दिया। परिवार के सदस्यों ने तुरंत महिला को साब्जियां के चिकित्सा केंद्र पहुंचाया। जहां उसका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों का कहना है कि महिला की हालत स्थिर है।
ऐसा पहली बार नहीं है जब पुंछ में रीछ ने रिहायशी इलाके में घुस किसी पर हमला किया हो। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार इस तरह के हमले होते रहे हैं। गत वर्ष भी मेंढर इलाके में नार मनकोट गांव में एक भालू ने 30 वर्षीय मोहम्मद नासीर निवासी बालाकोट पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था। मोहम्मद नासीर पेशे से अध्यापक हैं।