कौन हैं जम्मू की शिरीन कालरा? जो UK की PMO मीटिंग में चुनी गईं; AI ब्रीफिंग में युवाओं के रोजगार पर रखेंगी विचार
जम्मू की शिरीन कालरा को 22 अक्टूबर को ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कार्यालय में 'द यूके लीडिंग इन AI' थीम पर उच्च-स्तरीय ब्रीफिंग के लिए आमंत्रित किया गया है।
-1792300836033_m.webp)
ब्रिटेन पीएमओ की हाई-लेवल मीटिंग में चुनी गईं शिरीन कालरा।
HighLights
शिरीन कालरा को ब्रिटेन PMO की AI ब्रीफिंग में निमंत्रण
युवाओं के रोजगार पर AI के प्रभाव पर देंगी विचार
ऑक्सफोर्ड स्नातक, लेखिका और UN में भारत का प्रतिनिधित्व
जागरण संवाददाता, जम्मू। जम्मू की होनहार बेटी शिरीन कालरा ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन किया है। उन्हें 22 अक्टूबर को ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कार्यालय की आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर उच्च स्तरीय ब्रीफिंग में शामिल होने का निमंत्रण मिला है।
ब्रिटेन के एआई मंत्री कनिष्क नारायण की मौजूदगी में होने वाली इस बैठक में शिरीन युवाओं के रोजगार पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के असर पर अपने विचार रखेंगी।
ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से मास्टर डिग्री हासिल कर चुकीं शिरीन दो उपन्यासों की लेखिका हैं और यूएन (UN) में भी दुनिया के नेताओं के सामने भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। आइए शिरीन कालरा के बारे में जानते हैं।
एआई उच्च स्तरीय ब्रीफिंग में होंगी शामिल
जम्मू की शिरीन कालरा को 22 अक्टूबर को ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कार्यालय की आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर उच्च स्तरीय ब्रीफिंग में शामिल होने का निमंत्रण मिला है।
‘द यूके लीडिंग इन एआइ’ थीम पर बैठक में ब्रिटेन के आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस मंत्री कनिष्क नारायण भी शामिल होंगे। इसमें देश की एआइ रणनीतिक प्राथमिकताओं और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा होगी।
शिरीन युवाओं के रोजगार अवसरों पर एआइ के प्रभाव पर विचार रखेंगी। वह यूथ फ्यूचर्स फाउंडेशन में पार्टनरशिप मैनेजर हैं। यह ब्रिटेन का युवाओं के रोजगार के लिए नेशनल व्हाट वर्क्स सेंटर है।
आक्सफोर्ड विश्वविद्यालय की स्नातक शिरीन ने वहां ग्लोबल लीडरशिप प्रोग्राम में रिसर्च और पालिसी परियोजनाओं का नेतृत्व किया।
शिरीन कालरा की एकेडमिक क्वालिफिकेशन
शिरीन कालरा ने अपनी स्कूलिंग सेंट मैरी प्रेजेंटेशन कॉन्वेंट स्कूल, जम्मू से पूरी की है। आगे की पढ़ाई के लिए उन्होंने अशोका यूनिवर्सिटी में दाखिला लिया और वहां से राजनीति विज्ञान में ग्रेजुएशन किया।
इसके बाद ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से उच्च शिक्षा नीति में मास्टर डिग्री (MSc) की डिग्री हासिल की।
कर चुकी हैं संयुक्त राष्ट्र में प्रतिनिधित्व
जम्मू की शिरीन कालरा ने साल 2024 में न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) के 'समिट ऑफ द फ्यूचर एक्शन डेज' में संयुक्त राष्ट्र मिलेनियम फेलोशिप का प्रतिनिधित्व किया था और दुनिया भर के नेताओं के सामने अपनी बात रख देश का गौरव बढ़ाया था।
एक बेहतरीन लेखिका भी हैं शिरीन
शिरीन की उपलब्धियों की लिस्ट इतनी लंबी है कि उसे गिनते-गिनते थक जाएंगे। शिरीन एक अच्छी लेखिका भी हैं और छोटी सी उम्र में उन्होंने 2 फिक्शन उपन्यास भी प्रकाशित कर चुकी हैं।
यह भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर में दिव्यांग छात्रों को बड़ी राहत: 10वीं-12वीं में पासिंग मार्क्स में मिलेगी छूट व कई अन्य सुविधाएं
