विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कुलगाम आतंकी हमला पर क्या बोले फारूक अब्दुल्ला? पाकिस्तान से बातचीत पर दिया जोर 

Published: Thu, 12 Nov 2026 11:08 PM (GMT+05:30)

नेशनल कॉन्फ्रेंस अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने भारत और पाकिस्तान के बीच बातचीत की जोरदार वकालत की, यह कहते हुए कि राजनीतिक विवादों का समाधान केवल संवाद से ही संभव है।

फारूक अब्दुल्ला। फाइल फोटो

फारूक अब्दुल्ला। फाइल फोटो

HighLights

  1. राजनीतिक विवादों का समाधान केवल बातचीत से संभव है।

  2. पाकिस्तान आतंकवाद छोड़े, कश्मीर भारत का अभिन्न अंग।

  3. क्षेत्रीय सहयोग हेतु सार्क को पुनर्जीवित करना आवश्यक।

राज्य ब्यूरो, जम्मू। नेशनल कान्फ्रेंस के अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला ने भारत और पाकिस्तान के बीच बातचीत की जोरदार वकालत करते हुए कहा कि राजनीतिक विवादों का समाधान गोलियों और सैन्य टकराव से नहीं, बल्कि बातचीत के जरिए ही संभव है।

उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच वार्ता शुरू करने के लिए सभी तरफ से गोलीबारी बंद होने का इंतजार नहीं किया जाना चाहिए। अगर आप सभी की गोलियां बंद होने का इंतजार करते रहेंगे, तो गोलीबारी रुकने तक बहुत देर हो चुकी होगी। उन्होंने यह भी दोहराया कि कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है, था और हमेशा रहेगा।

श्रीनगर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए फारूक ने पाकिस्तान से आतंकवाद का रास्ता छोड़ने और भारत के साथ बातचीत के लिए अनुकूल माहौल तैयार करने की अपील की। उन्होंने कहा कि वह हमेशा पाकिस्तान से आतंकवाद बंद करने की बात कहते रहे हैं।

आतंकवाद से कुछ भी हासिल नहीं किया जा सकता और आगे का रास्ता केवल बातचीत के जरिए ही निकल सकता है। उन्होंने कहा कि युद्ध और सैन्य टकराव केवल तबाही लाते हैं। ईरान और यूक्रेन में जारी विनाश का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि स्थायी समाधान के लिए बातचीत और आपसी संवाद जरूरी है।

भारत बड़ा देश है, बातचीत करनी चाहिए

फारूक अब्दुल्ला ने दक्षिण एशियाई क्षेत्रीय सहयोग संगठन (सार्क) को फिर सक्रिय करने की वकालत करते हुए कहा कि क्षेत्र के सभी देशों को अपने मतभेद भुलाकर एक साथ बैठना चाहिए और सामूहिक विकास की दिशा में काम करना चाहिए। उन्होंने यूरोपीय संघ का उदाहरण देते हुए कहा कि कभी एक-दूसरे के विरोधी रहे देश भी आपसी सहयोग के जरिए साझा भविष्य का निर्माण कर सकते हैं।

उन्होंने कहा कि भारत इस क्षेत्र का सबसे बड़ा देश है और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने पड़ोसी देशों के साथ सौहार्दपूर्ण एवं सहानुभूतिपूर्ण संबंध बनाए रखने का रास्ता दिखाया था। सार्क को पुनर्जीवित करना जरूरी है, ताकि सभी देश एक साथ बैठकर विवादों का समाधान कर सकें और प्रगति एवं विकास की दिशा में आगे बढ़ सकें।

आतंकवाद अपने मकसद में कभी सफल नहीं होगा

कुलगाम और किश्तवाड़ जिलों में हाल ही में हुए दो आतंकी हमलों पर फारूक ने कहा कि जो लोग कश्मीर को हासिल करने की मंशा रखते हैं, उन्हें ऐसी सोच छोड़ देनी चाहिए। आतंकवाद अपने मकसद में कभी सफल नहीं होगा।

उन्होंने जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद समाप्त होने के दिल्ली में किए जा रहे दावों पर चिंता जताते हुए कहा कि हाल की घटनाएं बताती हैं कि आतंकवाद का खतरा अभी भी मौजूद है और इसे समाप्त करने के लिए ठोस कदम उठाने की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं अभी भी हो रही हैं और यह कहना मुश्किल है कि अगला हमला कहां हो सकता है।उन्होंने कहा कि आतंकवाद अभी भी मौजूद है, लेकिन लोगों को इससे डरने की जरूरत नहीं है।

विवादित बयान पर सफाई

पाकिस्तान को लेकर अपनी पूर्व की टिप्पणी पर सफाई देते हुए फारूक ने कहा कि उनके बयान को गलत तरीके से पेश किया गया। उन्होंने 1947 में कबायली हमले के दौरान हुई घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि उस दौरान एक ईसाई डाक्टर और उनके परिवार की हत्या की गई थी तथा बारामुला के अस्पताल में ननों के साथ दुष्कर्म की घटनाएं हुई थीं।उन्होंने कहा कि पाकिस्तान को बार-बार कश्मीर का मुद्दा उठाने के बजाय वास्तविकता को स्वीकार करना चाहिए।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।