पुलिस की देखरेख में हो रहा कचरा निस्तारण
जागरण संवाददाता, जम्मू : शहर के बाहरी क्षेत्र कोट भलवाल में नगर निगम के वाहनों में कचरा ि
जागरण संवाददाता, जम्मू : शहर के बाहरी क्षेत्र कोट भलवाल में नगर निगम के वाहनों में कचरा निस्तारण का काम पुलिस की देखरेख हो रहा है। स्थानीय लोग ने भलवाल क्षेत्र में निगम द्वारा कचरा निस्तारण के विरोध में कई बार कूड़ा ले जा रहे निगम के वाहनों पर पथराव किया है।
वाहनों पर पथराव रोकने के लिए भलवाल क्षेत्र की सड़कों पर पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है। वहीं, शनिवार को भी स्थानीय लोगों ने नगर निगम द्वारा भलवाल क्षेत्र में कचरा निस्तारण का विरोध जारी रहा। लोगों के समर्थन में समाज सेवी संस्था टीम जम्मू के कार्यकर्ता धरना स्थल पर पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने इस दौरान नगर निगम तथा राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
टीम जम्मू के चेयरमैन जोरावर सिंह जम्वाल ने कहा कि नगर निगम रिहायशी क्षेत्रों में कचरा फेंक कर लोगों की जान को खतरे में डालने का काम कर रही है। स्थानीय लोगों को अपने सेहत को देखते हुए सड़कों पर उतरने और प्रदर्शन करने के सिवा दूसरा रास्ता नहीं रह जाता। किसी भी सूरत में नगर निगम को गांवों के बीच कचरे के ढेर लगाने नहीं दिए जाएंगे। कोर्ट के जिस आदेश का नगर निगम हवाला दे रही है, उसमें कहीं भी इस गांव में कचरा निस्तारण की बात नहीं है। ग्रामीणों को बेवकूफ बनाने के प्रयास न किए जाएं। नगर निगम को कूड़ा निस्तारण का काम लोगों के शवों के उपर से होकर करना पड़ेगा।
वहीं, लोगों के प्रदर्शन को देखते हुए घरोटा पुलिस पूरी तरह से सतर्क दिखी। इलाके में शांति बहाली के लिए जम्मू से विशेष तौर पर पुलिसकर्मियों को प्रदर्शन स्थल पर भेजा गया था। नगर निगम के वाहन बिना किसी रोकटोक व ¨हसा के कचरा निस्तारण का काम कर पाए इसके लिए भलवाल मार्ग पर जवानों की तैनाती की गई। बकायदा एसएचओ घरोटा गुरमीत सिंह दिनभर भलवाल इलाके में कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए तैनात रहे।
विदित हो कि नगर निगम द्वारा बीस दिनों से कोट भलवाल के कालागाम में शहर के कचरे को एकत्रित कर फेंकने का काम किया जा रहा है। निगम की इस कार्रवाई के विरुद्ध में कोट भलवाल व आसपास की पंचायतों के दर्जनों गांवों कोट, भलवाल, मिश्रीवाला, पुरखू, रायपुर, दोमाना, कलरी, कालागाम, असरवां, अगोर, कंगरैल, दयारन व अन्य के लोग प्रदर्शन कर रहे हैं।