Jammu Kashmir: वेस्ट पाकिस्तानी रिफ्यूजियों ने कहा यह फैसला उन्हें 70 साल बाद दिलाएगा स्थायी नागरिकता का अधिकार
नागरिका का अधिकार न होने से उनके बच्चे पिछले 70 सालों से दरबदर हो रहे हैं। जिन मकानों में वे रहते थे उस पर उनका कोई अधिकार नहीं था। वे अपने ही देश में बेगाने होकर रह रहे थे।
जम्मू, जागरण संवाददाता। वेस्ट पाकिस्तानी रिफ्यूजी एक्शन कमेटी के प्रधान लबा राम गांधी ने जम्मू-कश्मीर से धारा 370, अनुच्छेद 35ए हटाने का स्वागत किया है। गांधी ने कहा कि पिछले 70 सालों से हम अधिकारों की लड़ाई के लिए दरबदर होते रहे लेकिन आज का दिन स्वर्णिम अक्षरों में लिखा जाएगा क्योंकि आज हमें अपने अधिकार दिलाने में भाजपा ने जो काम किया वह ऐतिहासिक है। इसके लिए में प्रधानमेंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह का धन्यवाद करता हूं।
जम्मू-कश्मीर में आज लोकतंत्र की बहाली हुई है और अब हमें वह सभी अधिकार मिल पाएंगे जिसके लिए हमें जद्दोजहद करते आ रहे हैं। वेस्ट पाकिस्तानी रिफ्यूजियों के करीब 25 हजार परिवार हैं, जिनकी संख्या दो लाख के करीब है। इन लोगों को राज्य की नागरिका का भी अधिकार नहीं था। अब उन्हें इससे छुटकारा मिल गया है।
वेस्ट पाकिस्तानी रिफ्यूजी एक्शन कमेटी के उपाध्यक्ष सुखदेव सिंह ने भी केंद्र के इस फैसले का पुरजोर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि नागरिका का अधिकार न होने से उनके बच्चे पिछले 70 सालों से दरबदर हो रहे हैं। जिन मकानों में वे रहते थे, उस पर उनका कोई अधिकार नहीं था। वे अपने ही देश में बेगाने होकर रह रहे थे। यह फैसला दो लाख परिवारों में विश्वास पैदा करेगा और हमारे बच्चे राज्य में नौकरियों के लिए आवेदन भी कर सकेंगे।
वेस्ट पाकिस्तानी रिफ्यूजी एक्शन कमेटी बिश्नाह के नेता रतन लाल ने कहा कि केंद्र सरकार की कई योजनाएं जो वेस्ट पाकिस्तानी रिफ्यूजियों पर लागू नहीं होती थी जब उन्हें इसका फायदा मिलेगा। हमें लाडली बेटी का फायदा नहीं मिलता था। जब उनके घर बेटी पैदा होती थी तो नागरिकता न होने के कारण बेटियों से भेदभाव होता था। आज का दिन वेस्ट पाकिस्तानी रिफ्यूजियों के लिए ऐतिहासिक दिन है, जिसके लिए हम मोदी और अमित शाह के लिए हमेशा कृतज्ञ रहेंगे।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप