Water Park in Jammu: लुधियाना के वंडरलैंड की तर्ज पर जम्मू में चाहिए वाटर पार्क, उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से मांगा सहयोग
उपराज्यपाल प्रशासन जम्मू शहर में बेहतर व्यवस्था बनाने के लिए स्पेशल फंड जारी करने के साथ लुधियाना के वंडरलैंड की तर्ज पर जम्मू शहर में वाटर पार्क बनाने में सहयोग दे। प्रतिनिधिमंडल ने यह मुद्दा उपराज्यपाल से हुई बैठक के दौरान जोरशोर से उठाया।
जम्मू, राज्य ब्यूरो। उपराज्यपाल प्रशासन जम्मू शहर में बेहतर व्यवस्था बनाने के लिए स्पेशल फंड जारी करने के साथ लुधियाना के वंडरलैंड की तर्ज पर जम्मू शहर में वाटर पार्क बनाने में सहयोग दे।
जम्मू नगरनिगम के मेयर चंद्र मोहन गुप्ता, डिप्टी मेयर पूर्णिमा शर्मा के नेतृत्व में जम्मू नगर निगम के काउंसिलरों के एक प्रतिनिधिमंडल ने यह मुद्दा मंगलवार को जम्मू में उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से हुई बैठक के दौरान जोरशोर से उठाया।
वित्तीय सहयोग के साथ राजस्व में वृद्धि के लिए जम्मू नगर निगम का दायरा बढ़ाने पर भी जोर दिया
राजभवन में हुई बैठक के दौरान जम्मू नगर निगम के प्रतिनिधिमंडल ने उप राज्यपाल को ज्ञापन सौंप कर बेहतर सफाई व्यवस्था के लिए अतिरिक्त कर्मचारियों की जरूरत, वित्तीय सहयोग के साथ राजस्व में वृद्धि के लिए जम्मू नगर निगम का दायरा बढ़ाने पर भी जोर दिया। सफाई व्यवस्था में आने वाली दिक्कतों के बारे में जानकारी देने के साथ प्रतिनिधिमंडल ने उपराज्यपाल मनोज सिन्हा को जम्मू शहर में गर्मियों के मौसम में बिजली, पानी को लेकर उपजे हालात के बारे में भी जानकारी दी।
मेयर व डिप्टी मेयर शहर को एक बेहतर शहर बनाने की दिशा में कार्रवाई करें
इस बैठक में जम्मू नगर निगम के प्रतिनिधिमंडल से बातचीत करते हुए उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने सलाह दी कि मेयर व डिप्टी मेयर शहर को एक बेहतर शहर बनाने की दिशा में कार्रवाई करें।
शहर के ड्रेनेज सिस्टम को बेहतर बनाने के लिए पूरी ताकत झोंकी जाए
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने जोर दिया कि बारिश से उपजे हालात शहर के ड्रेनेज सिस्टम को बेहतर बनाने के लिए पूरी ताकत झोंकी जाए। विचार विमर्श के दौरान उपराज्यपाल ने कहा कि जम्मू शहर के लोगों को बेहतर सेवाएं देने के लिए यह जरूरी है कि नगर निगम के कामकाज को और बेहतर बनाया जाए। इस दौरान शहर के विकास संबंधी के अन्य मुद्दों पर भी विचार विमर्श हुआ।