Jammu : गर्मी में राहगीरों के सूखते कंठ होंगे तर, वार्ड 31 में लगाया वॉटर कूलर
कॉरपोरेटर सुच्चा सिंह ने रविवार को वार्ड नंबर 31 में वॉटर कूलर लगवाया। तालाब तिल्लो क्षेत्र में लगे इस वॉटर कूलर से राहगीरों के अलावा मुहल्लों वालों को ठंडा पानी मिल पाएगा।उन्होंने कहा कि व्यस्त क्षेत्र होने के चलते यहां वॉटर कूलर की काफी जरूरत थी।
जम्मू, जागरण संवाददाता : पसीने छुड़ा रही गर्मी में सूखते कंठ तर करने के लिए कॉरपोरेटर सुच्चा सिंह ने रविवार को वार्ड नंबर 31 में वॉटर कूलर लगवाया। तालाब तिल्लो क्षेत्र में लगे इस वॉटर कूलर से राहगीरों के अलावा मुहल्लों वालों को ठंडा पानी मिल पाएगा। ठंडे और स्वच्छ पानी के लिए लगाए गए वॉटर कूलर की इस क्षेत्र में लगाने की मांग वर्षों से की जा रही थी जिसे सुच्चा सिंह उर्फ डीसी ने पूरा कर दिया। उन्होंने कहा कि व्यस्त क्षेत्र होने के चलते यहां वॉटर कूलर की काफी जरूरत थी। नगर निगम से वाॅटर कूलर की मंजूरी मिलने के साथ ही इस दिशा में कदम बढ़ाए गए और आज सक पुरानी मांग पूरी हो गई है।
सुच्चा सिंह ने कहा कि लोगों के साथ किए सभी वादों को पूरा किया जा रहा है। कोरोना महामारी के चलते पिछले दो वर्षों में हमें काफी नुकसान हुआ है। विकास कार्य प्रभावित हुए हैं। अब धीरे-धीरे काम आगे बढ़ना शुरू हुए और नगर निगम से फंड व मंजूरी मिलने के साथ ही हमने वार्ड 31 में बहुत से विकास कार्यों को शुरू करवाया है। भगवती नगर, पूरन नगर समेत सभी मुहल्लों को प्राथमिकता देते हुए जनसमस्याओं का समाधान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनता की सेवा के लिए उन्होंने अपनी जेब से खर्च कर सैनिटाइजेशन के लिए मशीन तक खरीदी। पिछले साल जब कोरोना के चलते सैनिटाइजेशन करनी पड़ी तो मुश्किल हो रही थी।
आज लोगों की मदद से हम हर गली, मुहल्ले को सैनिटाइजेशन करने में सक्षम हैं। लोगों की सेवा में कोई कसर नहीं छोड़ी जा रही। जो कोई भी हमारे पास आया, उसका काम किया गया। अलबत्ता निगम से पर्याप्त फंड और सहयोग नहीं मिलने से अभी भी बहुत सी दिक्कतें हैं। हम सभी वार्ड वासियों की मदद से इन्हें हल करेंगे। उन्होंने लोगों से कम से कम अपने घरों के आसपास सफाई रखने के लिए सहयोग मांगा। उन्होंने अपील की कि कोरोना महामारी को हल्के में न लें। अभी कोरोना समाप्त नहीं हुआ है। लिहाजा जागरुक और सुरक्षित रहें। इस मौके पर पिंकी भट्ट, रविंद्र काचरू, मनोहर योगी, राज कुमार, राजू, कादिर खान, समरदी समरदीप सिंह आदि मौजूद रहे। सभी ने उनका धन्यवाद किया।