विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जम्मू का वेयरहाउस 11 नवंबर तक बंद, अग्निकांड के बाद व्यापारियों का बड़ा फैसला; जानें क्या है मांग

Published: Tue, 10 Nov 2026 11:35 AM (IST)

जम्मू के वेयर हाउस नेहरू मार्केट में भीषण अग्निकांड के विरोध में व्यापारियों ने बुधवार तक बाजार बंद रखने का ...और पढ़ें

वेयर हाउस में भीषण अग्निकांड से तबाह हुई दुकानें। (फोटो- जागरण)

वेयर हाउस में भीषण अग्निकांड से तबाह हुई दुकानें। (फोटो- जागरण)

HighLights

  1. वेयर हाउस बुधवार तक बंद रहेगा।

  2. फायर अधिकारियों पर कार्रवाई न होने से नाराजगी।

  3. व्यापारी शहर से बाहर गोदामों की जमीन मांग रहे।

जागरण संवाददाता, जम्मू। दीवाली की रात वेयर हाउस में हुए भीषण अग्निकांड के विरोध में नेहरू मार्केट का 'वेयर हाउस' बुधवार तक बंद रहेगा। फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज के जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने से नाराज वेयर हाउस-नेहरू मार्केट फेडरेशन ने सोमवार शाम बैठक में बाजार को अगले 48 घंटे तक बंद रखने का सर्वसम्मति से फैसला लिया।

फेडरेशन के प्रधान दीपक गुप्ता ने स्पष्ट किया कि व्यापारियों को केवल आश्वासन नहीं, बल्कि लापरवाही के जिम्मेदार अधिकारियों पर ठोस कार्रवाई चाहिए।

वेयरहाउस अग्निकांड पर राजनीति न करें दल

फेडरेशन कार्यालय में वरिष्ठ सदस्यों के साथ बैठक के बाद दीपक गुप्ता ने कहा कि दीवाली की रात आठ दुकानों को आग ने अपनी चपेट में ले लिया। यह बेहद दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। उन्होंने राजनीतिक दलों के नेताओं से अपील की कि वे इस त्रासदी को राजनीतिक रंग न दें और अपने राजनीतिक हित साधने के लिए इसका इस्तेमाल न करें।

उन्होंने कहा कि कुछ विपक्षी नेता इस घटना को प्रशासन के खिलाफ राजनीतिक मुद्दा बनाने में जुटे हैं।

लापरवाह अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग

फेडरेशन का स्पष्ट मानना है कि फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज की ओर से समय पर कार्रवाई होती तो नुकसान को काफी हद तक रोका जा सकता था। जिन अधिकारियों की लापरवाही से नुकसान बढ़ा, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन इसके लिए पूरे प्रशासन को जिम्मेदार ठहराना उचित नहीं है।

दीपक गुप्ता ने कहा कि प्रशासन और पुलिस के समय पर हस्तक्षेप से आग को पूरे बाजार में फैलने से रोकने में मदद मिली। उन्होंने डिवीजनल कमिश्नर विकास कुंडल, डिप्टी कमिश्नर जम्मू मिंगा शेरपा, एडीसी (ला एंड आर्डर) अनसुया जम्वाल तथा वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का आभार जताया।

उनके अनुसार, इन अधिकारियों ने रात के समय मौके पर पहुंचकर स्थिति की निगरानी की और फायर ब्रिगेड पर तेजी से कार्रवाई करने का दबाव बनाया। फेडरेशन प्रधान ने कहा कि बाजार बंद रखने का फैसला अग्निकांड के तुरंत बाद लिया गया था। सोमवार की बैठक में अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं होने के कारण बंद को बुधवार तक बढ़ाने का निर्णय किया गया।

एक दशक से गोदामों के लिए जमीन की मांग

दीपक गुप्ता ने कहा कि वेयर हाउस के व्यापारियों को शहर से बाहर गोदाम बनाने के लिए जमीन उपलब्ध कराने की मांग पिछले दस वर्षों से उठाई जा रही है, लेकिन पिछली सरकारों ने इस पर ध्यान नहीं दिया। उन्होंने कहा कि दुकानों के बाहर खुले में सामान रखने की मजबूरी भी आग के तेजी से फैलने का एक बड़ा कारण बनी।

यदि व्यापारियों के पास पर्याप्त गोदाम होते तो उनका कीमती सामान सुरक्षित रखा जा सकता था और नुकसान भी कम होता।सरकार व्यापारियों के हितों को लेकर गंभीर है तो बिना देरी किए शहर के बाहर गोदामों के लिए जमीन आवंटित करे।

बैठक में वरिष्ठ उपप्रधान धीरज महाजन, उपप्रधान विशाल गुप्ता, महासचिव अभिमन्यु गुप्ता, सचिव राहुल गुप्ता, कोषाध्यक्ष नितिश महाजन, शुगर मर्चेंट एसोसिएशन के प्रधान राजेश भोगत्रा, दाल मर्चेंट एसोसिएशन के प्रधान कीर्ति गुप्ता, प्याज-आलू मर्चेंट एसोसिएशन के प्रधान अजय गुप्ता, करियाना मर्चेंट एसोसिएशन के प्रधान अनिल गुप्ता, ट्रेडर्स फेडरेशन के पूर्व प्रधान राजेश गुप्ता, रोमेश महाजन और रतन लाल गुप्ता सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।

यह कारोबारी हुए प्रभावित

राधा कृष्ण एंड ब्रदर्स, आरके महाजन, मदन लाल अनाड़ी कुमार, चरण दास, वलैत राम, चमन लाल गुप्ता एंड सन, रंजीत लाल बलदेव राज एंड कंपनी, ओम प्रकाश राम रतन लाल, विकास ट्रेडिंग कंपनी और दीपक ट्रेडिंग कंपनी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।