विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दीवाली की रात जम्मू के वेयरहाउस में भीषण आग, 7 दुकानें-गोदाम जलकर राख; महबूबा मुफ्ती और डिप्टी सीएम ने लिया जायजा

By Surinder RainaEdited By: Dallu Slathia
Published: Mon, 09 Nov 2026 12:41 PM (IST)

जम्मू की सबसे बड़ी अनाज मंडी वेयर हाउस में दीवाली की रात आतिशबाजी से निकली चिंगारी से भीषण आग लग ...और पढ़ें

दीवाली की रात जम्मू वेयर हाउस में भीषण आग।

दीवाली की रात जम्मू वेयर हाउस में भीषण आग।

HighLights

  1. दीवाली रात जम्मू वेयर हाउस में लगी भीषण आग।

  2. आतिशबाजी की चिंगारी से सात दुकानें, गोदाम जले।

  3. करोड़ों का खाद्य तेल, घी, अनाज जलकर खाक।

जागरण संवाददाता, जम्मू। दीवाली की रात शहर की सबसे बड़ी अनाज मंडी वेयर हाउस में आग ने ऐसा तांडव मचाया कि देखते ही देखते ब्लॉक-सी की दुकानें/गोदाम नंबर 48 से 54 तक जलकर राख हो गए। आतिशबाजी से निकली चिंगारी ने ऐसा विकराल रूप धारण किया कि आग की लपटों ने पूरे इलाके को अपनी चपेट में ले लिया। दुकानों और गोदामों में बड़ी मात्रा में रखे खाद्य तेल, घी, अनाज और अन्य ज्वलनशील सामान ने आग को और भड़का दिया।

आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि लपटें लगातार ऊंची उठती रहीं और दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। इस भीषण अग्निकांड में करोड़ों रुपये का सामान जलकर राख होने का अनुमान है।

महबूबा मुफ्ती के बाद उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी भी पहुंचे वेयरहाउस

सोमवार सुबह पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने वेयरहाउस पहुंचकर आग से हुए नुकसान का जायजा लिया। इसके कुछ देर बाद उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी भी पहुंचे। फिर एडीसी जम्मू अंशुया जम्वाल ने प्रभावित दुकानदारों से जानकारी लेकर नुकसान का आकलन किया।

दिवाली की रात वेयरहाउस में कैसे भड़की आग? 

आग लगने की यह घटना रविवार रात करीब साढ़े आठ बजे वेयर हाउस के ब्लाक-सी में पेश आई। दीवाली के मौके पर शहर में जगह-जगह आतिशबाजी हो रही थी। इसी दौरान पटाखों से निकली चिंगारियां वेयर हाउस परिसर में दुकानों और गोदामों के बाहर रखे अनाज व अन्य सामान पर जा गिरीं।

तेल और घी के स्टाक ने बढ़ाई आग की लपटें

देखते ही देखते सामान ने आग पकड़ ली और आग आसपास की दुकानों तथा गोदामों तक फैल गई।बताया जा रहा है कि प्रभावित दुकानों और गोदामों में खाद्य तेल और देसी घी का भी पर्याप्त स्टाक रखा हुआ था। तेल और घी की मौजूदगी के कारण आग ने और विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटों ने दुकानों के भीतर रखे सामान को अपनी चपेट में ले लिया। दीवाली के चलते वेयर हाउस बंद था और घटना के समय परिसर में कुछ मजदूर ही मौजूद थे।

आग देख मजदूरों में मची अफरा-तफरी

आग को तेजी से फैलता देख मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई। उन्होंने तुरंत नजदीकी पुलिस चौकी और दुकानदारों को घटना की सूचना दी। इसके बाद दमकल विभाग को सूचित किया गया। दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। आग की भयावहता को देखते हुए दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

इस अग्निकांड में सात दुकानें और गोदाम बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। दुकानों में रखा अनाज, खाद्य तेल, घी और अन्य व्यापारिक सामान जलकर राख हो गया।

वेयरहाउस में आग से करोड़ों का नुकसान

वहीं वेयर हाउस ट्रेडर्स फेडरेशन के प्रधान दीपक गुप्ता का कहना है कि नुकसान का वास्तविक आकलन आग पूरी तरह बुझने और प्रभावित दुकानों का निरीक्षण करने के बाद ही हो सकेगा। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार कारोबारियों को करोड़ों रुपये का नुकसान पहुंचा है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।