विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जम्मू वेयर हाउस अग्निकांड: बीमा क्लेम क्लियर होते ही युद्ध स्तर पर शुरू हुआ सफाई का काम, मलबा हटाने में जुटा निगम

Published: Thu, 12 Nov 2026 11:27 AM (IST)

दिवाली की रात जम्मू के वेयर हाउस में लगी आग के बाद आठ दुकानों का मलबा हटाने का काम शुरू ...और पढ़ें

वेयर हाउस में दिवाली की रात अग्निकांड में राख हुई थी आठ दुकानें।

वेयर हाउस में दिवाली की रात अग्निकांड में राख हुई थी आठ दुकानें।

HighLights

  1. दिवाली रात की आग के बाद वेयर हाउस में सफाई शुरू।

  2. बीमा क्लेम क्लियर होने पर निगम ने मलबा हटाया।

  3. फेडरेशन ने प्रभावित दुकानदारों को कारोबार में मदद का आश्वासन दिया।

जागरण संवाददाता, जम्मू। दिवाली की रात हुए भीषण अग्निकांड में राख हुई आठ दुकानों के मलबे को हटाने का काम बुधवार को शुरू हो गया। पिछले दो दिनों से बीमा कंपनियों की ओर से इंश्योरेंस क्लेम क्लीयर न किए जाने के कारण वेयर हाउस फेडरेशन ने यहां पर सफाई का काम रुकवाया हुआ था और गत दिवस वेयर हाउस पहुंचे कार्यवाहक मुख्य सचिव शैलेंद्र कुमार व जम्मू के डिवीजनल कमिश्नर विकास कुंडल के पहुंचने पर इस मुद्दे को भी उठाया गया।

इस पर बुधवार को जम्मू के डिवीजनल कमिश्नर ने हस्तक्षेप करते हुए बीमा कंपनियों के अधिकारियों से बात की और सभी औपचारिकताएं पूरी करते हुए बीमा कंपनियों ने क्लेम केस क्लीयर किए।

छह दुकानदारों ने कराया था सामान का बीमा

आगजनी की इस घटना में आठ दुकानें पूरी तरह से जलकर राख हो गई थीं, जबकि दो दुकानों को आंशिक नुकसान पहुंचा था। इन आठ दुकानों में से छह दुकानों ने सामान का इंश्योरेंस करवाया हुआ था लेकिन पिछले दो दिनों से बीमा कंपनियां क्लेम क्लीयर करने में आनाकानी कर रही थीं।

बुधवार को मसला हल होने के बाद जम्मू नगर निगम का अमला वेयर हाउस पहुंचा और मलबा हटाने का काम शुरू कर दिया। देर शाम तक काफी मलबा वहां से हटाया जा चुका था।

मौके पर पहुंचे नगर निगम अधिकारियों के अनुसार वीरवार सुबह तक अधिकतर मलबा हटा लिया जाएगा, जिसके बाद साफ-सफाई का काम शुरू किया जाएगा, क्योंकि इस समय मंडी में चारों ओर तेल और पानी फैल चुका है।

पीड़ितों के लिए आगे आई फेडरेशन

वीरवार से मंडी में कारोबार एक बार फिर शुरू होना है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल था कि शेष दुकानदार तो अपनी दुकानों में कामकाज शुरू कर देंगे लेकिन जिन आठ दुकानदारों की दुकानें पूरी तरह से जलकर राख हो चुकी हैं, वो क्या करेंगे और कहां से काम करेंगे।

इस मुद्दे पर बुधवार दोपहर बाद फेडरेशन सदस्यों की बैठक भी हुई, जिसमें फेडरेशन प्रधान दीपक गुप्ता ने कहा कि वह जेडीए से लगातार संपर्क में है और उनकी कोशिश है कि जैसे ही सफाई का काम खत्म होता है, दुकानें बनाने का काम शुरू हो जाए।

उन्होंने कहा कि दुकानें बनने में कुछ दिन का समय अवश्य लगेगा लेकिन इस दौरान दुकानदार फेडरेशन कार्यालय से अपना कारोबार चला सकते हैं। उन्होंने कहा कि फेडरेशन का हर सदस्य उनके साथ है और हर दुकान के दरवाजे उनके लिए खुले हैं, वे जिस दुकान में चाहे, वहां अपना काउंटर लगाकर अपना कामकाज शुरू कर सकते हैं, फेडरेशन इसमें पूरा सहयोग करेगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।