Jammu Kashmir News: कल जम्मू- रियासी लोकसभा सीट पर मतदान, EVM मशीन लेकर मतदान केंद्रों के लिए रवाना हुए कर्मचारी
जम्मू-कश्मीर (Jammu Kashmir News) में दूसरे चरण के लिए जम्मू रियासी लोकसभा सीट पर कल वोटिंग होगी। इसके लिए प्रशासन ने सारी तैयारियां कर ली है। आज सुबह ...और पढ़ें

संवाद सहयोगी,आरएसपुरा।(Jammu Reasi Lok Sabha seat Voting 2024 Hindi News) उपजिला आरएसपुरा में शुक्रवार को होने वाले मतदान के लिए गुरुवार सुबह से दोपहर तक कर्मचारी ईवीएम मशीन के साथ अपने-अपने मतदान केंद्रों के लिए रवाना हुए। लोकतंत्र के इस पर्व को लेकर मतदान ड्यूटी में लगे कार्मिकों में भी उत्साह देखा गया। वे ईवीएम के साथ उत्साहपूर्वक अपने गंतव्य स्थल की और रवाना हुए।
कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान दल रवाना
सुरक्षा बल की कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान दलों को रवाना किया गया। वहीं संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों में अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। उपजिला की दो विधानसभा आरएसपुरा जम्मू साउथ और सुचेतगढ़ में कुल 275 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
मतदाताओं को किसी प्रकार की ना हो परेशानी, रखा जा रहा ध्यान
एसडीएम आरएसपुरा सीमा परिहार गुरुवार को चुनावी ड्यूटी पर जाने वाले वाहनों और कर्मचारियों की सुरक्षा प्रबंधों को देखा और उन्हें जरूरी आदेश भी जारी किए। इसके साथ ही मॉर्डन पोलिंग स्टेशनों का भी दौरा किया। मतदान केंद्रों पर आने वाले मतदाताओं को किसी प्रकार की कोई परेशानी न आए, इस पर पूरा ध्यान दिया जा रहा है।
मतदान सुबह सात बजे से शुरू होकर शाम छह बजे तक
उन्होंने बताया कि सभी मतदान बूथों पर मतदान के लिए व्हील चेयर की व्यवस्था की गई है, जिससे दिव्यांगजन और 80 वर्ष की आयु के वरिष्ठ मतदाता अपना मत बिना किसी असुविधा के डाल सकते हैं। जम्मू लोकसभा सीट पर 26 अप्रैल, शुक्रवार को दूसरे चरण में मतदान होने जा रहा है। मतदान सुबह सात बजे से शुरू होकर शाम छह बजे तक जारी रहेगा।
यह भी पढ़ें: Amarnath Yatra 2024: 29 जून से अमरनाथ यात्रा शुरू, श्रद्धालुओं के लिए प्रशासन रास्तों पर लगाएगा 55 चिकित्सा केंद्र
दो विधानसभा सीटों के लिए कुल 2 लाख 37 हजार 544 मतदाता
गुरुवार सुबह से ही पोलिंग बूथ पर पोलिंग पार्टियों के दल पहुंचना शुरू हो गए हैं। ईवीएम व जरूरी कागजात लेकर पोलिंग अधिकारी मतदान केंद्रों के लिए रवाना होना शुरू हो गए हैं। उपजिला आरएसपुरा की दो विधानसभा सीटों के लिए कुल 2 लाख 37 हजार 544 मतदाता अपने मत का प्रयोग करेंगे।
जानकारी के अनुसार उपजिला की सुचेतगढ़ विधानसभा क्षेत्र में चुनाव के लिए प्रशासन कि ओर से 128 पोलिंग स्टेशन स्थापित किए गए है इसमें एक पोलिंग स्टेशन संवेदनशील रखा गया है। जहां कुल 1,12,800 मतदाता हैं।
पुरूष और महिला मतदाताओं के अलावा तीन किन्नर मतदाता
इनमें 59008 पुरुष, 53129 महिला व 2 किन्नर मतदाता हैं। सुचेतगढ़ विधानसभा क्षेत्र में एक पिंक,एक ग्रिन और एक दिव्यांग द्वारा संचालित मतदान केंद्र बनाया गया है।दूसरी ओर आरएसपुरा जम्मू साउथ विधानसभा क्षेत्र में कुल 1,24,744 मतदाता हैं। इसमें 65685 पुरूष,59056 महिला व 3 किन्नर मतदाता हैं।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।