विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 30, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

JMC Sealed VISHAL MEGAMART : तालाब तिल्लो का मेगा मार्ट सील, मालिक व कर्मचारी भी हुए अंदर ही बंद

By Rahul SharmaEdited By:
Published: Sat, 30 Oct 2021 02:24 PM (IST)

निगम कर्मियों का कहना था कि यह यहां पर अवैध तरीके से बनाया गया है। जिस इमारत में यह शापिंग ...और पढ़ें

निगम कर्मियों ने परिसर को ताला लगाकर सील कर दिया जबकि माल मालिक व कर्मचारी अंदर ही बंद हो गए।
निगम कर्मियों ने परिसर को ताला लगाकर सील कर दिया जबकि माल मालिक व कर्मचारी अंदर ही बंद हो गए।

जम्मू, जागरण संवाददाता : शहर के तालाब तिल्लो इलाके में चल रहा विशाल मेगा मार्ट शापिंग मॉल सील कर दिया गया है। जम्मू नगर निगम की ओर से इस मेगा मार्ट को सील किया गया जबकि इस शापिंग माल को सील करने के लिए निगम को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। इस पूरी कार्रवाई के दौरान पुलिस भी मौके पर माैजूद रही लेकिन शापिंग माल के अंदर से कर्मचारियों व मालिक के न निकलने के चलले निगम कर्मी उन्हें अंदर ही बंद कर बाहर सील लगाकर चले गए।

तालाब तिल्लो के विकास नगर इलाके में चल रहे मेगा मार्ट को सील करने पहुंचे निगम कर्मियों का कहना था कि यह यहां पर अवैध तरीके से बनाया गया है। जिस इमारत में यह शापिंग माल चल रहा है, वह अवैध तरीके से बनी है। इसे बंद करने का नोटिस पहले भी दिया जा चुका है लेकिन अब तक इसे बंद नहीं किया गया था। वहीं माल के मालिक का कहना था कि निगम के अधिकारी अपनी मनमानी कर रहे हैं। हमारे पास कोर्ट का स्टे आर्डर भी है। हम अधिकारियों को आर्डर दिखा रहे हैं लेकिन वे इसे नहीं मान रहे।

उनका कहना है कि हमें निगम आयुक्त का आदेश है। उनके पास आदेश को न मानने की पावर है। वहीं शापिंग माल के मालिक का कहना था कि इस समय त्योहार का सीजन चल रहा है। पूरा वर्ष वैसे ही काम नहीं था। अब निगम की तानाशाही के चलते सीजन भी बर्बाद हो रहा है। उधर इस पूरे विवाद के बीच जब निगम के कर्मी माल को बंद करने पहुंचे तो अंदर मौजूद माल कर्मियों ने भी इसका विरोध शुरू कर दिया। कुछ देर तक दोनों तरफ से बहसबाजी चलती रही लेकिन निगम कर्मी परिसर को बिना सील किए लौटने को तैयार नहीं थे। जब कोई बात नहीं बनी तो निगम कर्मियों ने परिसर को बाहर ताला लगाकर सील कर दिया जबकि माल मालिक व कर्मचारी अंदर ही बंद हो गए।