विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रणजी ट्रॉफी: घरेलू मैदान पर जम्मू-कश्मीर की शर्मनाक हार, बल्लेबाजों ने डुबोई लुटिया; विदर्भ 3 विकेट से जीता

Published: Tue, 20 Oct 2026 05:19 PM (IST)

विदर्भ ने रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप ए मुकाबले में जम्मू-कश्मीर को उसके घरेलू मैदान श्रीनगर में 3 विकेट से हरा ...और पढ़ें

चार दिवसीय रणजी ट्राफी एलीट ग्रुप ए का दूसरा मुकाबला तीन दिन में खत्म।

चार दिवसीय रणजी ट्राफी एलीट ग्रुप ए का दूसरा मुकाबला तीन दिन में खत्म।

HighLights

  1. विदर्भ ने जम्मू-कश्मीर को रणजी ट्रॉफी में 3 विकेट से हराया।

  2. जम्मू-कश्मीर के बल्लेबाज घरेलू मैदान पर प्रदर्शन करने में विफल रहे।

  3. रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप ए का मुकाबला तीन दिन में समाप्त।

जागरण संवाददाता, जम्मू। आखिरकार वही हुआ जिसकी मैच शुरू होने से पहले ही आशंका जताई जा रही थी। मेजबान जम्मू-कश्मीर की टीम को बल्लेबाजों की नाकामी की वजह से अपने ही घरेलू मैदान में मेहमान विदर्भ से शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा। भले ही विदर्भ की टीम को दूसरी पारी में जम्मू-कश्मीर से मामूली 79 रनों का मामूली विजय लक्ष्य मिला लेकिन बावजूद इसके जम्मू-कश्मीर के गेंदबाजों ने हार नहीं मानी।

सुनील कुमार ने चार विकेट और उमर नजीर ने दो विकेट चटकाकर विदर्भ के बल्लेबाजों को इस छोटे विजय लक्ष्य को भी पहाड़ समान होने का अहसास करवाया लेकिन अंत में विदर्भ की टीम ने 22.5 ओवर में तीसरे दिन का खेल समाप्त होने से करीब एक घंटे पहले ही सात विकेट गंवाकर जम्मू-कश्मीर से तीन विकेट से मुकाबला जीत लिया है।

विदर्भ की टीम अब लगातार दो जीत के साथ एलीट ग्रुप ए में 12 अंक हासिल कर चुकी है जबकि जम्मू-कश्मीर की टीम अब तक खेले गए एक मुकाबले में ड्रा और एक में पराजय के साथ मात्र एक अंक ही अर्जित कर सकी है।

बल्लेबाजों ने किया निराश

श्रीनगर के शेर-ए-कश्मीर स्टेडियम में जम्मू-कश्मीर की टीम ने आज तीसरे दिन दूसरी पारी की शुरूआत पांच ओवर में चार विकेट के नुकसान से आगे की और देखते ही देखते पूरी टीम 39.2 ओवर में 123 रन पर सिमटकर रह गई और विदर्भ को 79 रनों का मामूली सा विजय लक्ष्य मिला।

जम्मू-कश्मीर की ओर से अब्दुल समद ने सर्वाधिक 39 रन 30 गेंदों का सामना करते हुए तीन चौकों और चार छक्कों की मदद से बनाए। कामरान इकबाल ने 111 गेंदों में पांच चौकों की मदद से 38 रन बनाए जबकि उमर नजीर ने 16 रनाें का योगदान दिया। शेष अन्य कोई भी बल्लेबाज दो का भी आंकड़ा छू नहीं सके।

जम्मू-कश्मीर के तीन बल्लेबाज यावर हसन, उमरान मलिक और लोन नासिर को विदर्भ के गेंदबाजों ने बिना कोई खाता खोले पवेलियन का रास्ता दिखाया।

विदर्भ ने लगातार दूसरी जीत के साथ मुकाबला किया अपने नाम

विदर्भ की ओर से नचिकेत भुते सबसे किफायती गेंदबाज साबित हुए। नचिकेत ने 14 ओवर में 48 रन देकर पांच विकेट चटकाए। हर्ष दुबे ने दो विकेट, यश ठाकुर, प्रफुल्ल हिंगे और रजनीश गुरबानी ने एक-एक विकेट हासिल किए।

जवाब में विदर्भ की टीम ने जीत के लिए रखे गए निर्धारित विजय लक्ष्य का पीछा करना शुरू किया और 22.5 ओवर में सात विकेट गंवाकर 81 रन बनाकर रणजी ट्राफी मुकाबले में लगातार दूसरी जीत दर्ज की। विदर्भ के समक्ष छोटे विजय लक्ष्य को जम्मू-कश्मीर के गेंदबाजों ने पहाड़ समान साबित किया।

विदर्भ की टीम को विजय लक्ष्य को पाने में नाकों चने चबाने पर जम्मू-कश्मीर के गेंदबाज सुनील कुमार और उमर नजीर ने विवश कर दिया लेकिन अंत में विदर्भ मुकाबला जीतने में सफल रही। विजेता टीम की ओर से मंदर महेले ने बेहतरीन बल्लेबाजी की और टीम के लिए महत्वपूर्ण 25 रनों का योगदान दिया। हर्ष दुबे 40 गेंदों का सामना करते हुए दो चौकों की मदद से 22 रन बनाकर नाबाद रहे।

सुनील कुमार ने झटके चार विकेट

जम्मू-कश्मीर की ओर से सुनील कुमार ने 11 ओवर में 30 रन देकर चार विकेट चटकाए जबकि उमर नजीर ने 11.5 ओवर में 50 रन देकर दो विकेट हासिल किए। यहां यह बता दें कि जम्मू-कश्मीर की टीम ने पहली पारी में 260 रन बनाए थे जबकि जवाब में विदर्भ की टीम ने 305 रन बनाकर जम्मू-कश्मीर के विरुद्ध 45 रन की बढ़त हासिल की थी।

जम्मू-कश्मीर का रणजी ट्राफी के तीसरे मुकाबले में बड़ौदा की टीम से सामना वडोदरा के रिलायंस स्टेडियम में 26 अक्टूबर को होगा।