Jammu Railways: एक जनवरी से बहाल होगी वंदे भारत एक्सप्रेस, लोगों को मिलेगी राहत
Jammu Railways रेल मंत्रालय की इस घोषणा के बाद जम्मू व कटड़ा के व्यापारियों ने राहत की सांस ली है। उनका कहना था कि रेल सेवाएं पूरी तरह सुचारू होने से बाजार में छाई आर्थिक मंदी दूरी होगी। लोगों की एक बार फिर आमद बढ़ेगी और व्यापार में सुधार होगा।
जम्मू, जागरण संवाददाता: भारतीय रेलवे ने नई दिल्ली और कटड़ा के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस को एक जनवरी से फिर से बहाल करने का आदेश जारी हैं। कोरोना काल के बाद इस रेलगाड़ी को शुरू किया गया था, लेकिन पंजाब में जारी किसान आंदोलन के चलते एक बार फिर से वंदे भारत को रोक दिया गया था। वंदे भारत एक्सप्रेस सुबह दिल्ली से चल कर दोपहर को कटड़ा पहुंचती है और उसी दिन दोपहर को कटड़ा से चल कर देर रात को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन में पहुंच जाएगी।
रेल मंत्रालय की इस घोषणा के बाद जम्मू व कटड़ा के व्यापारियों ने राहत की सांस ली है। उनका कहना था कि रेल सेवाएं पूरी तरह सुचारू होने से बाजार में छाई आर्थिक मंदी दूरी होगी। लोगों की एक बार फिर आमद बढ़ेगी और व्यापार में सुधार होगा। उन्होंने मंत्रालय से बंद की गई अन्य रेल सेवाओं को भी जल्द बहाल करने की मांग की।
सामान्य रहा रेल यातायात : उत्तर भारत में छाए घने काेहरो के बावजूद देश के विभिन्न हिस्सों से जम्मू आने वाले रेलगाड़ियां लगभग अपने तय समय पर ही जम्मू रेलवे स्टेशन में पहुंची। रेलवे अधिकारियों के अनुसार जबलपुर से श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा पहुंची रेलगाड़ी अपने तय समय से तीन घंटे देरी से आई। अर्चना एक्सप्रेस आधा घंटा देरी से आई। बाकी अन्य रेलगाड़ी सामान्य रही।
रेल विभाग के अधिकारियों ने कहा कि कोहरे से पेश आने वाली दिक्कतों को देखते हुए उन्होंने पहले से ही सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दे दिए हैं। उन्हें यह भी कह दिया गया है कि लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो इसका पूरा ध्यान रखा जाए। यात्रियों को समय पर व सुरक्षित मंजिल तक पहुंचाना ही रेल विभाग का दायित्व है। इस जिम्मेदारी को विभाग पूरी निष्ठा के साथ निभाएगा।