नवरात्र में वैष्णो देवी जाने वालों के लिए बड़ी राहत! रेलवे चलाएगा दो स्पेशल ट्रेन; चेक करें रूट और टाइमिंग
त्योहारी सीजन में श्री माता वैष्णो देवी के दर्शनार्थियों की भीड़ को देखते हुए नई दिल्ली और कटड़ा के बीच दो अतिरिक्त फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें (04083/04084) चलाई जाएंगी।

यह तस्वीर एआई की मदद से बनाई गई है।
HighLights
वैष्णो देवी के लिए दो नई फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें शुरू
नई दिल्ली से कटड़ा तक 9, 10, 16, 17 अक्टूबर को चलेंगी
त्योहारी भीड़ को नियंत्रित करने में मिलेगी मदद, यात्री करें बुकिंग
जागरण संवाददाता, जम्मू। त्योहारी सीजन में श्री माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ को ध्यान में रखते हुए नई दिल्ली और श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा के बीच आरक्षित फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन संख्या 04083/04084 दो-दो फेरे लगाएगी।
ट्रेन संख्या 04083 नई दिल्ली से नौ और 16 अक्टूबर को दोपहर दो बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह तीन बजे श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 04084 कटड़ा से 10 और 17 अक्टूबर को सुबह 10 बजे चलेगी और उसी दिन रात 11:30 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी।
करीब 655 किलोमीटर की दूरी तय करने वाली इस ट्रेन में यात्रियों की सुविधा के लिए आधुनिक एलएचबी के 22 कोच लगाए जाएंगे।
इन स्टेशनों पर रुकेगी ट्रेन
ट्रेन सोनीपत, पानीपत, कुरुक्षेत्र, अंबाला कैंट, ढ़ंडारी कलां रेलवे स्टेशन, जालंधर कैंट, पठानकोट कैंट, शहीद कैप्टन सुनील कुमार चौधरी कठुआ, जम्मू तवी और शहीद कैप्टन तुषार महाजन ऊधमपुर स्टेशन पर रुकेगी।
इसके अलावा ट्रेन संख्या 04081/04082 नई दिल्ली-कटड़ा-नई दिल्ली फेस्टिवल स्पेशल का संचालन भी जारी है। यह ट्रेन 26 अक्टूबर तक यात्रियों को सुविधा देती रहेगी। इससे त्योहारों के दौरान दिल्ली, पंजाब, जम्मू और कटड़ा के बीच बढ़ने वाली यात्री भीड़ को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी।
समय रहते बुक करें टिकट: रेलवे
जम्मू मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने बताया कि त्योहारों के दौरान श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ जाती है। इसी को देखते हुए अतिरिक्त ट्रेनें चलाई जा रही हैं। उन्होंने यात्रियों से समय रहते टिकट बुक कराने की अपील की है। आगामी त्योहारों पर रेलगाड़ियों में टिकट को लेकर माथापच्ची रहती है।
