जम्मू में हेरोइन के साथ पुंछ के दो तस्कर गिरफ्तार, तवी रिवर फ्रंट पर पकड़े गए; सीमा पार से खेप आने का शक
जम्मू में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने तवी रिवर फ्रंट से पुंछ के दो नशा तस्करों को 841 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। यह खेप सीमा पार पाकिस्तान से आने का संदेह है और पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।

दोनों के कब्जे से एक-एक पैकेट बरामद। (फाइल फोटो)
HighLights
एएनटीएफ ने जम्मू में दो तस्करों को दबोचा।
तस्करों से 841 ग्राम हेरोइन बरामद की गई।
खेप सीमा पार पाकिस्तान से आने का संदेह।
जागरण संवाददाता, जम्मू। जम्मू में नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने तवी रिवर फ्रंट पर नेहरू मार्केट के पीछे दबिश देकर 841 ग्राम हेरोइन बरामद की है। इस दौरान पुंछ जिले के मेंढर क्षेत्र के रहने वाले दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया। दोनों के कब्जे से एक-एक पैकेट हेरोइन बरामद हुआ है। प्राथमिक जांच में यह बात सामने आ रही है नशे की यह खेप सीमापार पाकिस्तान से भारतीय सीमा में भेजी गई होगी।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मोहम्मद गफूर पुत्र नजीर हुसैन और मोहम्मद शाकूर पुत्र खादिम हुसैन, निवासी गांव गोलाड, तहसील मेंढर, जिला पुंछ के रूप में हुई है।
पुख्ता सूचना के बाद एएनटीएफ ने बिछाया जाल
एएनटीएफ को दोनों के नशीले पदार्थों के साथ तवी रिवर फ्रंट इलाके में मौजूद होने की पुख्ता सूचना मिली थी। इसके बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए दोनों को मौके से दबोच लिया।
इस मामले में पुलिस एएनटीएफ पुलिस थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
तस्करी के पूरे नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश
एएनटीएफ अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपितों को हेरोइन की यह खेप कहां से मिली थी और जम्मू में इसकी सप्लाई किन लोगों तक की जानी थी। जांच एजेंसी आरोपितों के आगे और पीछे के संपर्कों का पता लगाकर नशा तस्करी के पूरे नेटवर्क को खंगाल रही है।
अधिकारियों का मानना है कि इस कार्रवाई से नशा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने में मदद मिल सकती है। एएनटीएफ जम्मू ने आम लोगों से नशा तस्करी से जुड़ी किसी भी गतिविधि की जानकारी पुलिस को देने की अपील की है।