जम्मू: पुलिस को देखते ही भागने लगे दो युवक, पीछा कर पकड़ा तो जेब में मिला नशे का जखीरा; 22 ग्राम हेरोइन बरामद
जम्मू में नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पक्का डंगा पुलिस ने परेड इलाके से दो युवकों को हेरोइन ...और पढ़ें

22 ग्राम हेरोइन के साथ ऊधमपुर और उस्ताद मोहल्ले के युवक गिरफ्तार।
HighLights
जम्मू के परेड इलाके में दो युवक गिरफ्तार।
पुलिस ने 18-22 ग्राम संदिग्ध हेरोइन बरामद की।
नशा तस्करी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज।
जागरण संवाददाता, जम्मू। शहर में नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पक्का डंगा पुलिस ने दो युवकों को हेरोइन जैसे नशीले पदार्थ के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपितों में एक ऊधमपुर और दूसरा जम्मू के उस्ताद मोहल्ले का रहने वाला है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से कुल 18 से 22 ग्राम संदिग्ध हेरोइन बरामद की है। इस संबंध में पुलिस थाना पक्का डंगा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस ने मिली जानकारी के अनुसार परेड पुलिस की एक टीम रणबीर हायर सेकेंडरी स्कूल, के पास पैदल गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस कर्मियों ने रोटरी चौक की ओर से कच्ची छावनी की तरफ आ रहे दो युवकों को देखा।
पुलिस पार्टी को सामने देखकर दोनों ने वहां से भागने का प्रयास किया, लेकिन सतर्क पुलिस कर्मियों ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया।
दो युवकों की जेब से मिली संदिग्ध हेरोइन
पूछताछ के दौरान उनकी पहचान निखिल शर्मा निवासी ऊधमपुर और फरजान निवासी उस्ताद मोहल्ला के रूप में हुई। तलाशी लेने पर निखिल के काले रंग के पैंट की दाहिनी जेब से करीब 10 से 12 ग्राम और फरजान की नीली जींस की बाईं जेब से करीब 8 से 10 ग्राम संदिग्ध हेरोइन बरामद हुई।
आरोपितों से पूछताछ में जुटी पुलिस
दोनों के पास से बरामद नशीला पदार्थ पारदर्शी पालीथिन में रखा गया था। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
अब पुलिस आरोपितों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि वे नशीला पदार्थ कहां से लाए थे और इसके पीछे कोई अन्य तस्करी नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है।