जम्मू् कश्मीर में तिरंगे फहरा, दीप जलाकर विलय दिवस को यादगार बनाएगी भाजपा
प्रदेश भारतीय जनता पार्टी सोमवार को जम्मू कश्मीर में मंडल स्तर तक कार्यक्रमों में तिरंगे फहराकर देश से जम्मू कश्मीर के विलय को यादगार बनाएगी। प्रदेश में 73 साल के लंबे अरसे के बाद इस एतिहासिक दिन पर सरकारी छुट्टी विलय की शान बढ़ाएगी।
जम्मू, राज्य ब्यूरो । प्रदेश भारतीय जनता पार्टी सोमवार को जम्मू कश्मीर में मंडल स्तर तक कार्यक्रमों में तिरंगे फहराकर देश से जम्मू कश्मीर के विलय को यादगार बनाएगी। प्रदेश में 73 साल के लंबे अरसे के बाद इस एतिहासिक दिन पर सरकारी छुट्टी विलय की शान बढ़ाएगी।
भारतीय जनता पार्टी सोमवार को जम्मू में तिरंगा रैली का आयोजन करने के बाद दोपहर को शहर के महाराजा सिंह पार्क में कार्यक्रम का आयोजन करेगी। मोटरसाइकिलों पर तिरंगे रैली गांधीनगर से शुरू होगी। इस दौरान शहर में ब्रिग्रेडियर राजेन्द्र सिंह, पंडित प्रेमनाथ डोगरा की प्रतिमाओं पर पुष्प भी अर्पित किए जाएंगे।
प्रदेश में पहली बार हो रही छुट्टी विलय दिवस की शान बढ़ाएगी
महाराजा सिंह पार्क में होने वाली रैली में प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष रविन्द्र रैना के साथ पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता पार्टी कार्यकर्ताओं, लोगों को संबोधित कर विलय के महत्व पर प्रकाश डालेंगे। भारतीय जनता पार्टी ने हाईकमान से इस रैली में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह काे भेजने का आग्रह किया था। कोरोना से उपजे हालात व रक्षामंत्री की व्यस्तता के कारण वह जम्मू में विलय दिवस के कार्यक्रम में शामिल नही हो पा रहे हैं।
श्रीनगर में भी विलय दिवस के कार्यक्रम होंगे
विलय दिवस के कार्यक्रम के बारे में रविन्द्र रैना ने जागरण का बताया कि जम्मू के साथ श्रीनगर में भी विलय दिवस के कार्यक्रम होंगे। इस बार विलय दिवस को पंद्रह अगस्त की तरह मनाने की तैयारी है। ऐसे में पहली बार विलय दिवस पर छुट्टी होने से जम्मू कश्मीर के राष्ट्रवादी लोगोे का हौंसला और बुलंद हो गया है।
शहरों, कस्बों के साथ गांवों में भी विलय दिवस पर जोश दिखना तय है
अध्यक्ष रविन्द्र रैना ने बताया कि ऐसे में शहरों, कस्बों के साथ गांवों में भी विलय दिवस पर जोश दिखना तय है। उन्होंने बताया कि तिरंगे लहराने के साथ शाम को शहरों के चौराहों को रोशन किया जाएगा।