विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दरबार मूव के पहले दिन ही जाम में जकड़ा जम्मू, सरकारी काफिलों के बीच पिसती रही जनता; ट्रैफिक नियंत्रण के दावे बेअसर

Published: Mon, 02 Nov 2026 06:47 PM (IST)

दरबार मूव के पहले दिन जम्मू में यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई, जिससे शहर की सड़कों पर वाहनों की ...और पढ़ें

जम्मू में दरबार मूव की शुरुआत के साथ ही ट्रैफिक जाम। (फाइल फोटो)

जम्मू में दरबार मूव की शुरुआत के साथ ही ट्रैफिक जाम। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. दरबार मूव के पहले दिन जम्मू में भारी जाम।

  2. ट्रैफिक पुलिस के दावे बेअसर, व्यवस्था चरमराई।

  3. मंत्रियों के काफिलों से आम लोगों को परेशानी।

जागरण संवाददाता, जम्मू। दरबार मूव के साथ ही सोमवार को जम्मू शहर की सड़कों पर यातायात व्यवस्था की परीक्षा शुरू हो गई, लेकिन पहले ही दिन ट्रैफिक पुलिस की तैयारियां और यातायात नियंत्रण के दावे धरे के धरे रह गए। सुबह नागरिक सचिवालय खुलने के समय से ही शहर के प्रमुख मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गईं। देखते ही देखते जाम की स्थिति ऐसी बनी कि कई मार्गों पर वाहन रेंगते नजर आए।

लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए सामान्य दिनों की तुलना में काफी अधिक समय लगाना पड़ा। दरबार मूव के चलते जम्मू में सरकारी अधिकारियों, कर्मचारियों, मंत्रियों और नौकरशाहों की आवाजाही बढ़ गई है।

इसके साथ ही शहर में वाहनों की संख्या में भी इजाफा हुआ है। हालांकि, यातायात व्यवस्था संभालने के लिए विभिन्न चौक-चौराहों पर ट्रैफिक पुलिस के जवान तैनात दिखाई दिए, लेकिन वाहनों के लगातार बढ़ते दबाव के सामने उनकी व्यवस्था नाकाफी साबित हुई।

परेशान होते रहे आम लोग

कई स्थानों पर ट्रैफिक कर्मी वाहनों को निकालने के लिए मशक्कत करते रहे, मगर जाम का दबाव कम नहीं हो पाया। इस बीच मंत्रियों और नौकरशाहों के काफिलों के सायरन से शहर की सड़कें गूंजती रहीं। सरकारी काफिलों को रास्ता देने के दौरान आम वाहन चालकों को और इंतजार करना पड़ा।

सबसे अधिक परेशानी कार्यालय जाने वाले कर्मचारियों, विद्यार्थियों, मरीजों और रोजाना आवाजाही करने वाले लोगों को हुई। कई लोग समय पर अपने कार्यालय और अन्य जरूरी कामों तक नहीं पहुंच पाए। शहरवासियों का कहना है कि जब दरबार मूव के पहले दिन ही यह स्थिति है तो आने वाले दिनों में यातायात का दबाव और बढ़ने पर हालात कैसे होंगे।

सुबह से ही प्रमुख चौक-चौराहों पर लगा रहा जाम

दरबार मूव के पहले दिन सोमवार को जम्मू शहर के लगभग सभी प्रमुख मार्ग यातायात जाम की चपेट में रहे। सुबह नागरिक सचिवालय खुलने के समय से ही बिक्रम चौक, डोगरा चौक, इंदिरा चौक, रेजीडेंसी रोड, जानीपुर चौक, अंबफला चौक और बीसी रोड पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

इन मार्गों पर वाहन चालकों को कुछ दूरी तय करने में भी काफी समय लगा। इसके अलावा शहर के अन्य संपर्क मार्गों पर भी यातायात का दबाव बना रहा।

बिक्रम चौक से डोगरा चौक तक लगा जाम

बिक्रम चौक और डोगरा चौक जैसे व्यस्त मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित होने से आसपास के इलाकों में भी जाम का असर दिखाई दिया। इंदिरा चौक और रेजीडेंसी रोड पर भी वाहन धीमी गति से चलते रहे। जानीपुर और अंबफला चौक पर भी लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी।

बीसी रोड पर सरकारी और निजी वाहनों की आवाजाही के बीच यातायात व्यवस्था संभालना चुनौती बना रहा। सुबह से बनी जाम की स्थिति ने शहरवासियों की दिनचर्या प्रभावित कर दी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।