विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जम्मू-कश्मीर में कैंसर पीड़ितों की मदद के लिए सरकारी कर्मचारियों के वेतन से होगी कटौती, हर महीने कितने कटेंगे पैसे?

Published: Wed, 25 Nov 2026 10:33 PM (IST)

जम्मू-कश्मीर सरकार ने आर्थिक रूप से कमजोर कैंसर मरीजों की मदद के लिए कैंसर उपचार प्रबंधन कोष में कर्मचारियों के अंशदान की राशि संशोधित की है। 

कैंसर पीड़ितों की मदद करेंगे सरकारी कर्मचारी। सांकेतिक फोटो

कैंसर पीड़ितों की मदद करेंगे सरकारी कर्मचारी। सांकेतिक फोटो

HighLights

  1. आर्थिक रूप से कमजोर कैंसर मरीजों को मिलेगी वित्तीय सहायता।

  2. राजपत्रित कर्मचारियों से 40 रुपये, गैर-राजपत्रित से 20 रुपये कटौती।

  3. कैंसर उपचार प्रबंधन कोष में अंशदान तत्काल प्रभावी होगा।

राज्य ब्यूरो, जम्मू। आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के कैंसर मरीजों को उपचार के दौरान आर्थिक मदद उपलब्ध कराने के लिए जम्मू-कश्मीर सरकार ने कैंसर उपचार प्रबंधन कोष (सीटीएमएफपी) में कर्मचारियों के अंशदान की राशि संशोधित कर दी है। नए प्रावधान के तहत अब राजपत्रित कर्मचारियों के वेतन से हर महीने 40 रुपये, जबकि गैर-राजपत्रित कर्मचारियों के वेतन से 20 रुपये काटे जाएंगे। यह कटौती तत्काल प्रभाव से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं।

वित्त विभाग के कोड्स डिवीजन ने इस संबंध में सर्कुलर जारी कर सभी प्रशासनिक सचिवों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है। यह संशोधन सामान्य प्रशासन विभाग के 31 अगस्त 2026 को जारी सरकारी आदेश संख्या 1456-जेके(जीएडी) के अनुरूप किया गया है।

दरअसल, कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के उपचार का खर्च गरीब परिवारों के लिए बड़ी चुनौती बना रहता है। आयुष्मान भारत-पीएमजेएवाई सेहत योजना के तहत अस्पताल में भर्ती होकर होने वाले कैंसर उपचार का एक बड़ा हिस्सा कवर होने के बावजूद मरीजों को ओपीडी परामर्श, विभिन्न जांचों और दवाइयों के खर्च का बोझ उठाना पड़ता है। इसी आर्थिक जरूरत को देखते हुए सरकार ने कैंसर उपचार प्रबंधन कोष में अंशदान की व्यवस्था को नए सिरे से निर्धारित किया है।

समय-समय पर निर्देश जारी किए जाते रहे

वर्ष 2010 में गठित इस कोष का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के कैंसर मरीजों को वित्तीय सहायता उपलब्ध कराना है। इससे पहले भी वित्त विभाग की ओर से सरकारी कर्मचारियों के वेतन से स्वैच्छिक मासिक अंशदान की व्यवस्था को लेकर समय-समय पर निर्देश जारी किए जाते रहे हैं।

संशोधित व्यवस्था के तहत राजपत्रित कर्मचारियों का सालाना अंशदान 480 रुपये और गैर-राजपत्रित कर्मचारियों का 240 रुपये निर्धारित किया गया है। हालांकि, सरकार ने इसे न्यूनतम अंशदान बताते हुए कर्मचारियों को अपनी इच्छा से इससे अधिक राशि देने की छूट भी दी है।

वेतन से काटी जाने वाली यह राशि जम्मू-कश्मीर बैंक की सिविल सचिवालय शाखा में संचालित कैंसर उपचार प्रबंधन कोष के खाते में जमा कराई जाएगी। इसके लिए खाता संख्या 0110010200000810 (सीडी 810) निर्धारित की गई है।

वित्त विभाग ने सभी प्रशासनिक सचिवों से कहा है कि वे अपने अधीनस्थ आहरण एवं संवितरण अधिकारियों (डीडीओ) के माध्यम से निर्धारित अंशदान की नियमित कटौती सुनिश्चित करें।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।