शोपियां में लश्कर-ए-तैयबा की बड़ी साजिश नाकाम, 3 ओवरग्राउंड वर्कर गिरफ्तार; 2 हथगोले और AK-47 के 20 कारतूस बरामद
दक्षिण कश्मीर के शोपियां में प्रतिबंधित आतंकी संगठन के तीन ओवरग्राउंंड वर्कर ओजीडब्लूय को गिरफ्तार कर, एक बड़े आतंकी षडयंत्र को विफल बनाया है।

शोपियां में तीन ओवरग्राउंड वर्कर गिरफ्तार। फाइल फोटो
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। सुरक्षाबलों ने शुक्रवार को दक्षिण कश्मीर के शोपियां में प्रतिबंधित आतंकी संगठन के तीन ओवरग्राउंंड वर्कर ओजीडब्लूय को गिरफ्तार कर, एक बड़े आतंकी षडयंत्र को विफल बनाया है।
तीनों आरोपित ओजीडब्लयू के पास से लश्कर-ए-तैयबा के पांच पोस्टर, एके--47 राइफल के 20 कारतूस, दो हथगोले, तीन मोबाइल फोन और तीन आधार कार्ड बरामद किए गए हैं।
हालांकि, पुलिस ने अधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं की है, लेकिन संबधित सूत्रों के अनुसार, कश्मीर में किसी भी स्थानीय सूचिबद्ध आतंकी के नहीं रहने से हताश प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर ए तैयबा इन तीनों ओजीडब्लयू को सक्रिय करने जा रहा था। इनके जरिए स्थानीय लड़कों की आतंकी संगठन में भर्ती की साजिश थी ,जिसे विफल बनाया गया है।
शोपियां से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को अपने तंत्र से पता चला था कि लश्कर ए तैयबा स्थानीय आतंकियों की भर्ती करने का षडयंत्र रच रहा है। इसके लिए वह अपने स्थानीय ओवरग्राउंड वर्कर नेटवर्क को इस्तेमाल कर रहा है और वह नए लड़कों के न मिलने की स्थिति में ओवरग्राउंड वर्कर नेटवर्क के कुछ लोगों को सक्रिय कर सकता है।
उसके कुछ ओवरग्राउंड वर्करों के बीच एक बैठक भी होने वाली है और वह किसी वारदात को भी अंजाम दे सकते हैं। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने सेना की 34 आरआर के साथ मिलकर शोपियां के कुछ चिह्नित इलाकों में घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया।
इस अभियान के तहत नरवा-रावलपोरा में सुरक्षाबलों ने लश्कर के तीन ओवरग्राउंड वर्करों अबरार अहमद मीर पुद्ध शिराज अहमद मीर निवासी अवेंद शोपियां, रासिक अहमद बट पुत्र अब्दुल रशीद बट और सुहैल अहमद लोन पुत्र गुलजार अहमद लोन, दोनों निवासी डचीपोरा शोपियां को पकड़ा।
उनके पा से दो हथगोले, लश्कर-ए-तैयबा के पांच पोस्टर, एके-47 राइफल के 20 कारतूस, तीन मोबाइल फोन और तीन आधार कार्ड बरामद किए गए। सुरक्षा बलों ने बरामद सामग्री को जब्त कर आगे की जांच के लिए अपने कब्जे में ले लिया है।
इस संबंध में संबंधित पुलिस थाने में एफआईआर संख्या 250/2026 दर्ज की गई है। मामला भारतीय शस्त्र अधिनियम की धारा 7 और 25 तथा गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) की धारा 13, 18, 23 और 39 के तहत दर्ज किया गया है।
उल्लेखनीय है कि घाटी में एक ही स्थानीय सूचीबद्ध आतंकी लतीफ अहमद बट बीते कुछ समय से सक्रिय था और उसे भी सुरक्षाबलों ने गत सप्ताह मार गिराया। कश्मीर में स्थानीय आतंकियों का पूरी तरह सफाया होने से सीमा पार बैठे आतंकी हैंडलर और उनके आका पूरी तरह हताश हो चुके हैं।
अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों के नेटवर्क, उनके सहयोगियों और हथियार एवं गोला-बारूद रखने के मकसद का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।