इस साल धान खरीद के लिए जम्मू और कठुआ जिलों में खुलेंगी 11-11 मंडिया और सांबा जिले में सिर्फ एक
किसानों से धान खरीदने के लिए इस बार जम्मू व कठुआ जिले में 11-11 धान खरीद मंडियों की स्थापना होगी। जबकि सांबा जिले में एक मंडी खोली जाएगी। इसकी प्रक्रिया शुरू जल्द ही शुरू कर दी जाएगी। यह जानकारी कृषि उत्पादन व किसान कल्याण विभाग की बैठक में दी गई।
जम्मू, जागरण संवाददाता : धान की फसल अब तैयार हो रही है। कुछ ही दिनों में फसल की कटाई शुरू हो जाएगी। इसी को देखते हुए प्रशासन सक्रिय हो गया है। किसानों से धान खरीदने के लिए इस बार जम्मू व कठुआ जिले में 11-11 धान खरीद मंडियों की स्थापना होगी। जबकि सांबा जिले में एक मंडी खोली जाएगी। इसकी प्रक्रिया शुरू जल्द ही शुरू कर दी जाएगी। यह जानकारी कृषि उत्पादन व किसान कल्याण विभाग की बैठक में दी गई।
विभाग के संयुक्त निदेशक एएस रीन की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में विभिन्न अधिकारियों ने धान खरीद मंडियों को लेकर अपने अपने विचार रखे। संयुक्त निदेशक कृषि विपणन महेश वर्मा ने कहा कि धान खरीद मंडियां समय पर खुलवाने के लिए काम किया जा रहा है। इस साल सरकार ने ए ग्रेड धान के दाम 2060 रुपये प्रति क्विंटल का दाम जारी किया है जबकि सामान्य ग्रेड की धान के दाम 2040 रुपये केंद्र सरकार ने तय किए हैं। किसान इस दाम पर अपना माल इन सरकारी मंडियों में बेच सकेगा।
वहीं एएस रीन ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे समय पर धान खरीद केंद्र खोलने की दिशा में काम करें। वहीं दूसरी ओर किसानों से कहा कि वे इन धान खरीद मंडियों पर ही धान बेचें और सरकार द्वारा जारी न्यूनतम समर्थन मूल्य प्राप्त करें। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि समय पर धान खरीद मंडियां स्थापित करने के लिए विभाग की ओर से जरूरी सामान की उपलब्धता को यकीनी बनाया जाए।
वहीं इस बात का ध्यान रखा जाए कि किसानों को उनकी उपज का न्यूनतम समर्थन मूल्य जरूर प्राप्त हो। किसानों को जागरूक बनाया जाना चाहिए ताकि उनको कोई दिक्कत पेश न आए। अधिकारियों से कहा कि फसल व मंडियों से संबंधित ब्यौरे को सरकारी पोर्टल पर चढ़ाया जाए। बैठक में एफसीआई के उप प्रबंधक प्रवीण कुमार गौतम, एजीएम एचएस सोहन व दूसरे कई अधिकारी उपस्थित थे।