Move to Jagran APP

जम्मू कश्मीर : गुलमर्ग में सामान्य से चार गुना बढ़ा तापमान, तेज धूप से पिघलने लगी बर्फ

मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि पिछले कुछ दिनों में तापमान में अचानक चार गुना वृद्धि हुई है। इसका असर यह है कि पहाड़ों पर पड़ी बर्फ तेजी से पिघल रही है। इससे झीलों नदी-नालों में पानी का जलस्तर बढ़ सकता है।

By Rahul SharmaEdited By: Published: Sat, 19 Mar 2022 10:05 AM (IST)Updated: Sat, 19 Mar 2022 10:45 AM (IST)
गुलमर्ग का तापमान 17 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है।

श्रीनगर, जेएनएन : जम्मू के बाद अब कश्मीर में भी तापमान अपना प्रभाव दिखाने लगा है। पिछले एक हफ्ते में ही कश्मीर में अधिकतम तापमान सामान्य से कई डिग्री ऊपर चला गया है। मैदानी इलाकों की बात करें तो यह सामान्य से लगभग दोगुना है। श्रीनगर शहर की बात करें तो उसने पिछले सालों में दूसरी बार अधिक तापमान दर्ज किया गया है। गत शुक्रवार को शहर का तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि वर्ष 2018 में यह तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

loksabha election banner

कश्मीर घाटी के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल गुलमर्ग, पहलगाम की ही बात करें तो यहां मैदानों व पहाड़ों पर पड़ी बर्फ अब तेजी से पिघलती नजर आ रही है। इसे देख मौसम विशेषज्ञों ने भी चिंता जाहिर की है। जहां इस मौसम में यहां सामान्य तापमान चार डिग्री सेल्सियस तक रहता था, अब तेज धूप परेशान कर रही है। पहलगाम और काजीगुंड ने मार्च में अधिकतम तापमान का कई सालों का रिकॉर्ड तोड़ दिया। पहलगाम में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 24.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से 12.1 डिग्री सेल्सियस अधिक था। यहां 30 मार्च 2018 में 23.9 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकार्ड किया गया था।

मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि पिछले कुछ दिनों में तापमान में अचानक चार गुना वृद्धि हुई है। इसका असर यह है कि पहाड़ों पर पड़ी बर्फ तेजी से पिघल रही है। इससे झीलों, नदी-नालों में पानी का जलस्तर बढ़ सकता है। काजीगुंड घाटी का सबसे गर्म स्थान रहा। यहां शुक्रवार को 27.8 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग के यह तापमान सामान्य रूप से 13.1 डिग्री सेल्सियस अधिक है। 31 मार्च 2018 को भी इसी तरह गर्मी ने अपना प्रचंड रूप दिखा था। उस दौरान काजीगुंड में 27.0 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

वहीं श्रीनगर शहर की बात करें तो यहां भी अब गर्मी अपना प्रभाव दिखा रही है। यहां तापमान सामान्य से 15 डिग्री अधिक यानी 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यानी काजीगुंड के बाद श्रीनगर दूसरे स्थान पर गर्म शहर रहा। घाटी के दूसरे शहरों की बात करें तो वहां भी स्थिति ऐसी ही है।

कश्मीर घाटी में इसी तरह अचानक से तापमान में हुई वृद्धि ने पर्यटन उद्योग से जुड़े लोगों की चिंताएं भी बढ़ा दी हैं। उनका कहना है कि यदि इस समय तापमान में चार गुना वृद्धि हो गई है तो आने वाले दिनों में गर्मी तेज होगी और इसका सीधा प्रभाव पर्यटन पर होगा। तेज धूप की वजह से गुलमर्ग, पहलगाम आदि पर्यटन स्थलों पर बड़ी बर्फ अब तेजी से पिघलना शुरू हो गई है।

इसी तरह जम्मू संभाग की बात करें तो यहां भी मौसम का सबसे गर्म दिन रहा। यहां तापमान 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से नौ डिग्री अधिक है। वहीं माता वैष्णो देवी के आधार शिविर कटरा में अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि कश्मीर के कई इलाकों में हुई हल्की बारिश से कुछ हद तक राहत मिली है। आज भी बादल छाए हुए हैं परंतु बारिश की संभावना कम ही दिख रही है। उन्होंने कहा कि रविवार को कई इलाकों में बारिश की फुहार हो सकती है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.