विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जम्मू-कश्मीर में फिर गरमाया वंदे मातरम् का मुद्दा, वक्फ बोर्ड के कार्यक्रम में बजने पर धार्मिक संगठनों ने जताया विरोध

Published: Wed, 25 Nov 2026 10:08 PM (IST)

जम्मू-कश्मीर वक्फ बोर्ड के कार्यक्रम में वंदे मातरम् बजाने पर मुत्तहिदा मजलिस-ए-उलेमा (एमएमयू) ने कड़ी आपत्ति जताई है। संगठन ने इसे मुस्लिम समुदाय की धार्मिक भावनाओं और मान्यताओं के खिलाफ बताया।

जम्मू-कश्मीर में फिर गरमाया वंदे मातरम् का मुद्दा। फोटो जागरण

जम्मू-कश्मीर में फिर गरमाया वंदे मातरम् का मुद्दा। फोटो जागरण

HighLights

  1. वक्फ बोर्ड कार्यक्रम में वंदे मातरम् बजाने पर आपत्ति।

  2. मुस्लिम समुदाय की धार्मिक भावनाओं के खिलाफ बताया गया।

  3. एमएमयू कानूनी राय लेकर ज्ञापन सौंपने की तैयारी में।

राज्य ब्यूरो, जम्मू। जम्मू-कश्मीर वक्फ बोर्ड की ओर से गत दिनों श्रीनगर में आयोजित वक्फ दिवस समारोह में वंदे मातरम् बजाए जाने पर मुत्तहिदा मजलिस-ए-उलेमा (एमएमयू) ने कड़ी आपत्ति जताई है। विभिन्न इस्लामी विचारधाराओं से जुड़े धार्मिक संगठनों और संस्थाओं के साझा मंच एमएमयू ने इसे मुस्लिम समुदाय की धार्मिक भावनाओं और मान्यताओं के खिलाफ बताया है। समारोह में केंद्रीय मंत्री किरेन रिजीजु भी उपस्थित थे।

एमएमयू ने अपने बयान में कहा कि इस्लाम का बुनियादी और अटल सिद्धांत तौहीद यानी अल्लाह की पूर्ण एकता है। इसके तहत अल्लाह के साथ किसी को साझीदार ठहराना या किसी व्यक्ति, वस्तु, भूमि अथवा सृष्टि को ईश्वर का दर्जा देना स्वीकार्य नहीं है।

संगठन ने स्पष्ट किया कि इस्लाम अपने वतन से प्रेम करने की शिक्षा देता है, लेकिन देश से प्रेम और उसकी पूजा करने के बीच स्पष्ट अंतर करता है। उसके अनुसार, मातृभूमि को दैवीय स्वरूप देने वाली कोई भी अभिव्यक्ति इस्लाम की मूल मान्यता के विरुद्ध है।

वंदे मातरम् बजाए जाने को दुर्भाग्यपूर्ण और अस्वीकार्य करार

संगठन ने कहा कि आल इंडिया मुस्लिम पर्सनल ला बोर्ड (एआईएमपीएलबी) भी वंदे मातरम् को लेकर इस्लाम का पक्ष स्पष्ट कर चुका है और धार्मिक व संवैधानिक आधार पर इसे अनिवार्य किए जाने का विरोध करता रहा है।

एमएमयू ने वक्फ बोर्ड के आयोजन में ही वंदे मातरम् बजाए जाने को दुर्भाग्यपूर्ण और अस्वीकार्य करार दिया। बयान में कहा गया कि वक्फ बोर्ड पर मुस्लिम धार्मिक संपत्तियों और उनकी पवित्रता की रक्षा की जिम्मेदारी है।

किसी सरकारी या आधिकारिक कार्यक्रम में वंदे मातरम् बजाना कानूनी रूप से अनिवार्य नहीं था, बल्कि यह वैकल्पिक था। इसके बावजूद इसे बजाना कश्मीरी मुसलमानों की धार्मिक मान्यताओं और भावनाओं की अनदेखी है।

समाज में अविश्वास और अलगाव की भावना

एमएमयू ने जम्मू-कश्मीर में सरकारी समारोहों के दौरान वंदे मातरम् बजाने की बढ़ती परंपरा पर भी गंभीर चिंता जताई। संगठन का कहना है कि मुस्लिम बहुल क्षेत्र में समुदाय की धार्मिक आपत्तियों से परिचित होने के बावजूद इस तरह की गतिविधियां उसकी आस्था और संवैधानिक अधिकारों की अनदेखी करती हैं। इससे समाज में अविश्वास और अलगाव की भावना बढ़ सकती है।

संगठन ने बताया कि वह इस मामले में कानूनी राय लेने पर विचार कर रहा है। इसके बाद संबंधित अधिकारियों को औपचारिक ज्ञापन सौंपकर सरकारी कार्यक्रमों, शिक्षण संस्थानों और अन्य सार्वजनिक आयोजनों में वंदे मातरम् को कथित रूप से अनिवार्य किए जाने पर रोक लगाने की मांग की जाएगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।