विस चुनाव के लिए राज्यपाल का फैसला भाजपा को होगा मंजूर: रविंद्र रैना
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रविंद्र रैना ने विधानसभा को भंग करने की मांग कर रहीं राजनीतिक पार्टियों को मौका पस्त बताया।
जम्मू, राज्य ब्यूरो। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रविंद्र रैना ने विधानसभा को भंग करने की मांग कर रहीं राजनीतिक पार्टियों को मौका पस्त बताया। उन्होंने कहा कि यह पार्टियां पंचायत और निकाय चुनाव करवाने के खिलाफ हैं, लेकिन वे विधानसभा चुनाव करवाने की मांग कर अपना स्वार्थ सिद्ध कर रही हैं। भाजपा विधानसभा चुनाव के लिए तैयार है। राज्यपाल जो भी फैसला करेंगे, वह भाजपा को मंजूर होगा।
पार्टी मुख्यालय में कहा कि सीमा पार पाकिस्तान से बम-गोलियां, बंदूकें लाने वालों को मौत मिलेगी। साथ ही जवाहर लाल नेहरू यूनिवर्सिटी (जेएनयू), अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी में देशद्रोहियों को भी बख्शा नहीं जाएगा। भले ही अलीगढ़ में देश विरोधी गतिविधियों में हिस्सा लेने वाले कश्मीरी विद्यार्थियों का निलंबन रद हुआ है लेकिन यह तय है कि देशद्रोह करने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी। केंद्र सरकार ने उच्च स्तरीय कमेटी भी बनाई है।
पूर्व उपमुख्यमंत्री कविंद्र गुप्ता, पूर्व मंत्री शाम चौधरी व महासचिव युद्धवीर सेठी भी मौजूद थे। रैना ने कहा कि राज्य में विधानसभा भंग करने वाली राजनीतिक पार्टियां गिरेबां में झांके। यह मांग करने वाली राजनीतिक पार्टियों के नेता सांसद, विधायक के पद से इस्तीफा दें। राज्य में 35 ए को मुद्दा बनाकर स्थानीय निकाय, पंचायत चुनाव का बहिष्कार करने वाली नेकां, पीडीपी को आड़े हाथ लेते हुए ये पार्टियां दोगली हैं।
उन्होंने पूछा कि अगर राज्य में विधानसभा चुनाव करवाए जाते हैं तो क्या उस समय 35 ए क्या सर्वोच्च न्यायालय में नहीं होगा। लोगों को मजबूत न होता देखनी वाली ये पार्टियां खुद को सशक्त करने के लिए विधानसभा चुनाव चाहती हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्यपाल जो भी फैसला करेंगे, वह भाजपा को मंजूर होगा। इससे पहले निकाय चुनाव की कामयाबी के लिए लोगों का आभार जताते हुए उन्होंने कहा कि लोगों ने उन्हें धमकाने वालों को आइना दिखा दिया है।
उन्होंने दावा किया कि भाजपा निकाय चुनाव में बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए जम्मू के साथ श्रीनगर में अपना मेयर बनाएगी। कश्मीर की 13 निकायों में भाजपा के चेयरमैन बनेंगे। भाजपा ने कश्मीर की 558 सीटों में से 400 उम्मीदवार उतारे थे। खासे उम्मीदवार निर्विरोध चुनाव जीत गए।