कचरे को खाद में बदल सैन्य क्षेत्र को किया जाएगा हरा भरा
मिलिट्री स्टेशन को क्लीन और ग्रीन बनाने की सेना और सैन्य परिवारों की मुहिम के तहत 16 कोर के जीओसी लेफ्टिनेंट जनरल सरणजीत सिंह ने वेस्ट मैनेजमेंट कांप्लेक्स का उद्घाटन किया।
जीओसी ने वेस्ट मैनेजमेंट कांप्लेक्स में स्थापित मशीन के काम करने के तरीके के बारे में जानकारी हासिल की। इस मौके पर सेना के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। वेस्ट मैनेजमेंट कांप्लेक्स के जरिये नगरोटा सैन्य क्षेत्र के कचरे को खाद में परिवर्तित कर इसे क्षेत्र को हरा भरा बनाने के लिए इस्तेमाल किया जाएगा।
नगरोटा सैन्य क्षेत्र जम्मू नगर निगम के दायरे में नहीं आता है। ऐसे में वहां साफ सफाई के लिए कोई उचित व्यवस्था नहीं है। कचरे का निस्तारण कोट जागीर इलाके में खुली जगह पर किया जा रहा था। इससे पर्यावरण को भी नुकसान पहुंच रहा था। अब सैन्य क्षेत्र के कचरे को छांटने के बाद इसका इस्तेमाल खाद बनाने के लिए होगा। यह खाद पेड़, पौधे लगाने के साथ बागों में फूल लगाने में भी इस्तेमाल होगी।