जम्मू-कश्मीर के अखनूर में AK-47 की तीन मैगजीन और 90 कारतूस मिलने से हड़कंप, इलाके में दहशत का माहौल
अखनूर के बनी मोड़ माइग्रेंट कैंप के पास एके-47 की तीन मैगजीन और 90 जिंदा कारतूस बरामद होने से हड़कंप ...और पढ़ें
-1795009576086_m.webp)
जम्मू-कश्मीर के अखनूर में हथियार मिलने से हड़कंप। फोटो जागरण
HighLights
अखनूर में एके-47 की तीन मैगजीन और 90 कारतूस बरामद।
बनी मोड़ माइग्रेंट कैंप के पास संदिग्ध सामान मिला।
सेना ने बरामद सामान को अपना बताया, स्थिति स्पष्ट हुई।
संवाद सहयोगी, अखनूर (जम्मू)। अखनूर के कोटेवाला स्थित बनी मोड़ माइग्रेंट कैंप के नजदीक बलवाल ब्राह्मणा क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब पीर बाबा के स्थान के पास एक जैकेट के साथ एके-47 राइफल की तीन मैगजीन और 90 जिंदा कारतूस बरामद हुए। हथियारों से जुड़े इस संदिग्ध सामान की बरामदगी की खबर फैलते ही आसपास के गांवों में सनसनी फैल गई और लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, बनी मोड़ बलवाल ब्राह्मणा में पीर बाबा के स्थान के नजदीक कुछ लोगों की नजर एक जैकेट और उसके साथ पड़े संदिग्ध सामान पर पड़ी। जांच करने पर वहां एके-47 की तीन मैगजीन और 90 जिंदा कारतूस होने की जानकारी सामने आई।
इसकी सूचना तुरंत संबंधित सुरक्षा एजेंसियों को दी गई। सूचना मिलते ही सेना और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए बरामद सामान को अपने कब्जे में ले लिया।
सेना ने सामान को अपना बताया, पुलिस ने किया सुपुर्द
बरामदगी की गंभीरता को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियों ने आसपास के क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया और मामले की जांच शुरू की। इसी दौरान सेना के अधिकारियों ने बरामद तीनों मैगजीन और 90 जिंदा कारतूस को अपनी सेना से संबंधित बताया। इसके बाद पुलिस ने सेना के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कीं और बरामद सामान उन्हें वापस सौंप दिया।
माइग्रेंट कैंप और धार्मिक स्थल के नजदीक इस तरह की बरामदगी से क्षेत्र में कुछ समय के लिए चिंता का माहौल बन गया। हालांकि, सेना के अधिकारियों की ओर से सामान को अपना बताए जाने के बाद मामले की स्थिति स्पष्ट हुई। इस घटना ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों का ध्यान जरूर आकर्षित किया।