विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जम्मू में तवी वंडर लैंड का बढ़ता क्रेज, तीन महीने में 2 लाख से ज्यादा पर्यटक पहुंचे; वीकेंड पर उमड़ती है भीड़

Published: Sun, 22 Nov 2026 07:00 AM (GMT+05:30)

जम्मू के तवी वंडर लैंड (वेस्ट टू वंडर पार्क) ने तीन महीने में 2.20 लाख से अधिक पर्यटकों को आकर्षित किया है। यह पार्क कबाड़ से बनी कलाकृतियों और आधुनिक सुविधाओं के साथ शहर का पसंदीदा वीकेंड डेस्टिनेशन बन गया है।

तवी वंडर लैंड में 14 खास कलाकृतियों का हुआ है निर्माण। (फोटो- जागरण)

तवी वंडर लैंड में 14 खास कलाकृतियों का हुआ है निर्माण। (फोटो- जागरण)

HighLights

  1. तीन माह में 2.20 लाख से अधिक पर्यटकों ने किया दीदार।

  2. कबाड़ से बनी 14 अनूठी कलाकृतियां बनीं आकर्षण का केंद्र।

  3. बच्चों के लिए 21-22 नवंबर को विशेष क्विज प्रतियोगिता।

जागरण संवाददाता, जम्मू। शहर के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शुमार हो चुके वेस्ट टू वंडर पार्क, जिसे तवी वंडर लैंड का नाम दिया गया है, के प्रति लोगों की दीवानगी लगातार बढ़ रही है। 6 अगस्त को हुए उद्घाटन के बाद से अक्टूबर तक 2,20,832 पर्यटक इस अनूठे पार्क का दीदार कर चुके हैं। कबाड़ से गढ़ी गई कलाकृतियों और आधुनिक सुविधाओं से लैस यह पार्क इन दिनों शहरवासियों और पर्यटकों का पसंदीदा वीकेंड डेस्टिनेशन बना हुआ है। शनिवार और रविवार को यहां परिवारों और बच्चों की सबसे ज्यादा भीड़ उमड़ रही है।

करीब 11 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस पार्क को देखने के लिए विभिन्न स्कूल बच्चों को लेकर पहुंच रहे हैं तो दरबार मूव होने के साथ ही श्रीनगर से जम्मू पहुंचने वालों के लिए भी यह आकर्षण का केंद्र बन गया है।

शाम ढलते ही रंग-बिरंगी लाइटों से जगमगाता यह पार्क हर किसी को आनंदित कर रहा है।

बच्चों के लिए विशेष आयोजन

पार्क की ओर बच्चों का रुझान बढ़ाने और उनमें रीसाइक्लिंग व संस्कृति के प्रति जागरूकता लाने के लिए 21 और 22 नवंबर को परिसर में विशेष क्विज प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। इसके जरिए बच्चे खेल-खेल में कला और पर्यावरण संरक्षण की बारीकियां सीख सकेंगे।

तवी किनारे बनी है ये कलाकृतियां

अंतरराष्ट्रीय धरोहरें : जापान का ऐतिहासिक बौद्ध मंदिर तोड़ाई-जी, मिस्र के गीजा पठार की पौराणिक मूर्ति स्फिंक्स, इटली के रोम का विशाल एंफीथियेटर कोलोसियम, कंबोडिया स्थित दुनिया का सबसे बड़ा हिंदू मंदिर अंगकोर वाट, अमेरिकी राष्ट्रपति का निवास व्हाइट हाउस, पेरिस का एफिल टावर और भूटान का पवित्र बौद्ध मठ टकसंग मोनास्ट्री।

राष्ट्रीय धरोहरें : 1799 में महाराजा सवाई प्रताप सिंह द्वारा निर्मित जयपुर का हवा महल, गुजरात में सरदार पटेल को समर्पित दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा स्टैच्यू आफ यूनिटी, 1724 में बनी दिल्ली की खगोलीय वेधशाला जंतर-मंतर, मुंबई का ऐतिहासिक गेटवे आफ इंडिया और आगरा का विश्व धरोहर ताजमहल।

स्थानीय गौरव : चिनाब नदी के किनारे 1802 में राजा आलम सिंह द्वारा बनवाया गया अखनूर फोर्ट और रियासी जिले में बना दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे पुल चिनाब वैली ब्रिज (359 मीटर), जो एफिल टावर से भी 35 मीटर ऊंचा है।

टिकट दरें

-वयस्क (12 वर्ष से अधिक): 80 रुपये प्रति व्यक्ति
-बच्चे (तीन से 12 वर्ष): 40 रुपये प्रति व्यक्ति
-तीन वर्ष से कम उम्र के बच्चे: निःशुल्क
-विदेशी पर्यटक : 200 रुपये प्रति व्यक्ति

दरबार मूव के बाद पार्क में बढ़ी पर्यटकों की आवाजाही

जेएससीएल असिस्टेंट एक्जीक्यूटिव इंजीनियर विवेक चोपड़ा ने बताया कि वंडर लैंड पार्क को लेकर लोगों में खासा उत्साह है। अभी तक अढ़ाई लाख के करीब दर्शक आ चुके हैं। शनिवार और रविवार को तो भीड़ रहती ही है, अन्य खास दिनों में भी लोग पहुंच रहे हैं। अब दरबार मूव के बाद और भीड़ बढ़ रही है।

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।