जम्मू रेलवे स्टेशन पर अचानक बिगड़ी तबीयत तो घबराएं नहीं, अब 24 घंटे मिलेगी एम्बुलेंस; इमरजेंसी में बचेगा कीमती समय
जम्मू तवी रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के लिए अब स्थायी एम्बुलेंस सुविधा शुरू की गई है। यह पहल स्वास्थ्य विभाग, ...और पढ़ें

जम्मू तवी स्टेशन पर यात्रियों को मिलेगी तत्काल एम्बुलेंस सुविधा।
HighLights
जम्मू तवी स्टेशन पर स्थायी एम्बुलेंस सुविधा शुरू।
स्वास्थ्य विभाग, प्रशासन और रेडक्रॉस के सहयोग से पहल।
आपात स्थिति में तत्काल उपचार से बचाई जाएंगी जानें।
जागरण संवाददाता, जम्मू। जम्मू तवी रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को अब मेडिकल इमरजेंसी के दौरान एम्बुलेंस के लिए इंतजार नहीं करना पड़ेगा। उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने यात्रियों की स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्टेशन परिसर में स्थायी रूप से एम्बुलेंस की व्यवस्था की है।
राज्य चिकित्सा विभाग, जिला प्रशासन और रेडक्रॉस के सहयोग से शुरू की गई इस सुविधा से आपात स्थिति में यात्रियों को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध हो सकेगी।
मेडिकल इमरजेंसी में कीमती समय बचेगा
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इससे पहले स्टेशन पर किसी यात्री की तबीयत अचानक बिगड़ने या मेडिकल इमरजेंसी की स्थिति में बाहर से एम्बुलेंस बुलानी पड़ती थी। एम्बुलेंस के पहुंचने में लगने वाले समय के कारण कई बार मरीज को अस्पताल पहुंचाने में देरी होती थी।
चिकित्सा क्षेत्र में शुरुआती एक घंटे को गोल्डन आवर माना जाता है, जिसमें मरीज को उपचार मिलना बेहद महत्वपूर्ण होता है। इसी समस्या को देखते हुए जम्मू मंडल ने स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन के साथ समन्वय कर स्टेशन परिसर में ही एम्बुलेंस उपलब्ध करवाने की पहल की।
रेलवे और स्वास्थ्य विभाग के तालमेल से शुरू हुई सुविधा
मंडल रेल प्रबंधक विवेक कुमार ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मेडिकल इमरजेंसी में प्रत्येक मिनट महत्वपूर्ण होता है। स्टेशन पर एम्बुलेंस की स्थायी उपलब्धता से जरूरतमंद यात्रियों को तत्काल प्राथमिक उपचार देने और नजदीकी अस्पताल पहुंचाने में मदद मिलेगी।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने बताया कि राज्य स्वास्थ्य विभाग के साथ बेहतर तालमेल स्थापित कर यह सुविधा शुरू की गई है।
इससे आपात स्थिति में यात्रियों को बिना अनावश्यक देरी के सरकारी या रेफरल अस्पताल पहुंचाया जा सकेगा। उन्होंने इस व्यवस्था में सहयोग के लिए जिलाधिकारी जम्मू का भी आभार जताया।
-------------
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।