जम्मू: तवी तट पर बहेगी विकास की 'तरंग', रिवर फ्रंट पर 1568 करोड़ खर्च होंगे; 10 हजार लोगों को मिलेगा रोजगार
जम्मू की तवी नदी पर 1568 करोड़ रुपये की लागत से 'तरंग' परियोजना को मंजूरी मिली है, जिससे 7 किमी ...और पढ़ें

तवी के किनारे बनेगा 7 किमी लंबा प्रोमेनेड। (फाइल फोटो)
HighLights
तवी नदी पर 1568 करोड़ की तरंग परियोजना स्वीकृत।
7 किमी लंबा प्रोमेनेड और 10,000 रोजगार सृजित होंगे।
बाढ़ सुरक्षा, पर्यटन और आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा।
अंचल सिंह, जम्मू। अहमदाबाद के साबरमती रिवर फ्रंट की तर्ज पर संवर रही जम्मू की जीवनरेखा तवी नदी अब एक नए और भव्य स्वरूप में नजर आएगी। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय की अर्बन चैलेंज फंड की राष्ट्रीय शीर्ष समिति ने तवी एरिया रीजनरेशन एंड ग्रीन ग्रोथ यानी तरंग प्रोजेक्ट को मंजूरी दे दी है।
करीब 1567.91 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत वाली इस महत्वाकांक्षी परियोजना को नई उड़ान मिलने के साथ ही तवी पुल से गुर्जर नगर पुल तक फेज-1 के पार्ट-2 का काम शुरू करने की उलटी गिनती शुरू हो गई है।
आधुनिक प्रोमेनेड, वाटर स्पोर्ट्स, मजबूत सुरक्षा तटबंध और हेरिटेज कारिडोर से लैस यह परियोजना न केवल बाढ़ के खतरे से स्थायी मुक्ति दिलाएगी बल्कि वैष्णो देवी आने वाले लाखों श्रद्धालुओं के लिए जम्मू को एक प्रमुख पर्यटन और आर्थिक हब के रूप में स्थापित करेगी। इस वित्तीय सहयोग के साथ ही जम्मू स्मार्ट सिटी लिमिटेड ने डीपीआर और संबंधित प्रशासनिक प्रक्रियाओं को पूरा करने के लिए अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं।
99 साल के पीपीपी माडल पर फंडिंग
इस पूरी परियोजना को 99 साल के हाइब्रिड पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) पर डिजाइन-बिल्ड-फाइनेंस-आपरेट-ट्रांसफर (डीबीएफओटी) मोड में अमलीजामा पहनाया जाएगा। इसमें केंद्र सरकार की ओर से यूसीएफ के तहत अधिकतम 169 करोड़ रुपये की केंद्रीय सहायता मिलेगी, जबकि जम्मू-कश्मीर प्रशासन 20 फीसदी यानी 307.05 करोड़ रुपये का योगदान देगा।
शेष 61 फीसदी यानी 953.81 करोड़ रुपये की राशि बाजार और पीपीपी माडल के जरिए जुटाई जाएगी जिसके लिए नाबफिड का तकनीकी व वित्तीय सहयोग लिया जा रहा है।
7 किमी प्रोमेनेड और रबर बैराज
तवी रिवर फ्रंट का दायरा नदी के किनारे करीब 4 वर्ग किलोमीटर के क्षेत्र में फैला होगा। इस प्रोजेक्ट के जरिए 107 एकड़ नदी तटीय भूमि का पुनरुद्धार होगा और अपस्ट्रीम तट के 2.15 किलोमीटर हिस्से को सुरक्षित किया जाएगा। योजना के तहत 4.30 किलोमीटर लंबा सुरक्षित तवी रिवरफ्रंट कारिडोर और 7 किलोमीटर लंबा पब्लिक प्रोमेनेड विकसित किया जाएगा।
जलस्तर को नियंत्रित कर वाटर स्पोर्ट्स और नौकायन के अनुकूल बनाने के लिए एक आधुनिक रबर बैराज तैयार होगा, जिसकी विनियामक मंजूरी राज्य स्तरीय तकनीकी समिति पहले ही दे चुकी है।
इसके अलावा एक भव्य आइकानिक ब्रिज, 430 से अधिक वाहनों की क्षमता वाला मल्टी-लेवल कार पार्किंग व कमर्शियल हब और एक एकीकृत खेल व मनोरंजन केंद्र का निर्माण भी होगा।
बाढ़ से सुरक्षा और 10 हजार रोजगार
तवी पुल से लेकर गुर्जर नगर पुल तक के दोनों किनारों पर मजबूत कंक्रीट डायफ्राम वाल और रिटेनिंग दीवारें खड़ी की जाएंगी, जिससे मानसून के दौरान कटाव और बाढ़ के खतरे को पूरी तरह नियंत्रित किया जा सके। समिति को यह भी आश्वस्त किया गया है कि अब तक बने रिवरफ्रंट ढांचे पर बाढ़ का कोई विपरीत असर नहीं पड़ा है।
पुराने जम्मू और गुर्जर नगर के ऐतिहासिक स्वरूप को ध्यान में रखते हुए विशेष हेरिटेज कारिडोर, थीम पार्क, ग्रीन स्ट्रिप, ओपन-एयर कैफेटेरिया और फूड कोर्ट विकसित किए जाएंगे। इस पूरे प्रोजेक्ट के धरातल पर उतरने से स्थानीय युवाओं के लिए करीब 10 हजार प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
भगवती नगर से विक्रम चौक तक पहला चरण
मौजूदा समय में तवी रिवर फ्रंट का पहला चरण लगभग 3.5 किलोमीटर लंबे दायरे यानी भगवती नगर से तवी पुल विक्रम चौक तक तेजी से विकसित किया जा रहा है।
वहां दोनों किनारों पर डायफ्राम वाल के साथ करीब 2.7 किलोमीटर का प्रोमेनेड, साइकिल ट्रैक, लैंडस्केप गार्डन, व्यूइंग डेक और ओपन थिएटर जैसी सुविधाएं जोड़ी जा रही हैं। भगवती नगर में आटोमेटेड गेट्स वाला बैराज तैयार कर कृत्रिम झील का स्वरूप दिया जा रहा है।
क्या कहते हैं अधिकारी?
तवी रिवर फ्रंट (जेएससीएल) के जीएम राजेश अबरोल का कहना है कि केंद्र सरकार की उच्चस्तरीय समिति से तरंग प्रोजेक्ट को वित्तीय मंजूरी मिलना जम्मू के विकास का बड़ा मोड़ है। फेज-1 के पार्ट-2 के तहत तवी पुल से गुज्जर नगर पुल तक के हिस्से की विस्तृत डीपीआर और तकनीकी सर्वेक्षण को अंतिम रूप देकर काम तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।