जम्मू-काठगोदाम रेल यात्रियों को झटका, जनवरी से मार्च तक रद रहेंगी ये दो ट्रेनें; सफर से पहले जांच लें स्टेटस
सर्दियों में कोहरे के कारण उत्तर रेलवे ने जम्मू-तवी और काठगोदाम के बीच चलने वाली दो साप्ताहिक ट्रेनों को अस्थायी ...और पढ़ें

कोहरे के चलते जम्मू-तवी और काठगोदाम के बीच चलने वाली दो ट्रेनें रहेंगी रद। (फाइल फोटो)
HighLights
कोहरे के चलते दो साप्ताहिक ट्रेनें अस्थायी रूप से रद्द।
ट्रेन नंबर 14695 और 14696 का संचालन प्रभावित।
यात्री यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति जांच लें।
जागरण संवाददाता, जम्मू। जम्मू आने-जाने वालों के लिए जरूरी खबर है। सर्दियों में कोहरे के कारण रेल यातायात प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए उत्तर रेलवे ने जम्मू-तवी और काठगोदाम के बीच चलने वाली दो साप्ताहिक ट्रेनों को अस्थायी रूप से रद करने का फैसला किया है।
यह फैसला यात्रियों की सुरक्षा और ट्रेनों के सुचारू संचालन को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
रेलवे के अनुसार, ट्रेन नंबर 14695 (काठगोदाम-जम्मू तवी) 12 जनवरी से 2 मार्च 2027 तक रद रहेगी। यह ट्रेन हर मंगलवार को चलती है।
वहीं, ट्रेन नंबर 14696 (जम्मू तवी-काठगोदाम) 10 जनवरी से 28 फरवरी 2027 तक नहीं चलेगी। यह ट्रेन हर रविवार को संचालित होती है।
2027 से बदल जाएंगे दोनों ट्रेनों के नंबर
गौरतलब है कि इन दोनों ट्रेनों का संचालन पहले ट्रेन नंबर 12207 और 12208 के तहत किया जाता था। वर्ष 2027 से इनके नंबर बदलकर क्रमशः 14695 और 14696 किए गए हैं।
यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति जरूर जांच लें यात्री
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा की योजना बनाने से पहले ट्रेन की स्थिति जरूर जांच लें। इसके लिए रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139, एनटीईएस (एनटीईएस) ऐप, रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या रेलवे स्टेशन के पूछताछ काउंटर से जानकारी ली जा सकती है।