विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कौन हैं सैयद फैसल कादरी? जम्मू-कश्मीर के नए एडवोकेट जनरल बने; जानें क्यों अहम है यह नियुक्ति

By Naveen NawazEdited By: Dallu Slathia
Published: Fri, 27 Nov 2026 06:12 PM (GMT+05:30)

जम्मू-कश्मीर को करीब दो साल बाद नया एडवोकेट जनरल मिल गया है, उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने वरिष्ठ अधिवक्ता सैयद फैसल कादरी की नियुक्ति को मंजूरी दी है।

फैसल कादरी संभालेंगे जम्मू-कश्मीर में एडवोकेट जनरल की जिम्मेदारी। (फाइल फोटो)

फैसल कादरी संभालेंगे जम्मू-कश्मीर में एडवोकेट जनरल की जिम्मेदारी। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. सैयद फैसल कादरी जम्मू-कश्मीर के नए एडवोकेट जनरल नियुक्त।

  2. यह संवैधानिक पद अक्टूबर 2024 से खाली पड़ा था।

  3. उच्च न्यायालय ने रिक्ति पर कई बार चिंता जताई थी।

नवीन नवाज, जम्मू। जम्मू-कश्मीर में करीब दो साल से खाली पड़े एडवोकेट जनरल के महत्वपूर्ण संवैधानिक पद पर आखिरकार नियुक्ति हो गई है। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने वरिष्ठ अधिवक्ता सैयद फैसल कादरी को केंद्र शासित प्रदेश का नया एडवोकेट जनरल नियुक्त करने की मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही अक्टूबर 2024 से चली आ रही रिक्ति समाप्त हो गई है। सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार को राजभवन से मंजूरी मिलने के बाद उनकी नियुक्ति का औपचारिक सरकारी आदेश भी जारी कर दिया गया।

उल्लेखनीय है कि जम्मू कश्मीर व लद्दाख उच्च न्यायालय ने भी कई बार महाधिवक्ता की अनुपस्थिति पर सख्त रवैया अपनाते हुए तल्ख टिप्पणियां की हैं। चार सितंबर 2026 को हाईकोर्ट की मुख्य न्यायाधीश पुष्पेंद्र सिंह भाटी और न्यायमूर्ति राजनेश ओसवाल की खंडपीठ ने एडवोकेट जनरल की नियुक्ति में देरी को लेकर दायर जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए कहा कि एडवोकेट जनरल का पद अत्यंत महत्वपूर्ण संवैधानिक पद है और इसे इतने लंबे समय तक खाली रखना वांछनीय नहीं है।

अदालत ने सरकार को पांच सप्ताह के भीतर उचित निर्णय लेने और जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया था। पांच नवंबर 2026 को हाईकोर्ट में सरकार की ओर से पेश वरिष्ठ अतिरिक्त महाधिवक्ता मोनिका कोहली ने बताया था कि एडवोकेट जनरल की नियुक्ति की प्रक्रिया चल रही है और इसे एक महीने के भीतर पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद अदालत ने मामले की अगली सुनवाई आठ दिसंबर के लिए निर्धारित की थी।

राजभवन ने तीन नामों में से कादरी को चुना

संबधित सूत्रों ने बताया कि एडवोकेट जनरल के पद के लिए राजभवन को तीन नाम भेजे गए थे। इनमें वरिष्ठ अधिवक्ता फैसल कादरी के अलावा अधिवक्ता इशाक कादरी और अधिवक्ता सीमा शेखर के नाम शामिल थे। अंततः राजभवन ने फैसल कादरी के नाम पर अपनी मुहर लगा दी।

कादरी जम्मू-कश्मीर एवं लद्दाख हाईकोर्ट में प्रैक्टिस करने वाले वरिष्ठ अधिवक्ता हैं। अपने लंबे कानूनी करियर में उन्होंने कई महत्वपूर्ण संवैधानिक, प्रशासनिक और सेवा संबंधी मामलों में सरकार तथा विभिन्न विभागों का प्रतिनिधित्व किया है।

अब एडवोकेट जनरल के रूप में वह जम्मू-कश्मीर सरकार के प्रमुख कानूनी सलाहकार की जिम्मेदारी संभालेंगे। हाईकोर्ट के अलावा जरूरत पड़ने पर सुप्रीम कोर्ट में भी केंद्र शासित प्रदेश का पक्ष रखेंगे।

डीसी रैना के इस्तीफे के बाद खाली हुआ था पद

जम्मू-कश्मीर में एडवोकेट जनरल का पद 18 अक्टूबर 2024 से खाली था। तत्कालीन एडवोकेट जनरल डीसी रैना ने उपराज्यपाल मनोज सिन्हा को अपना इस्तीफा सौंप दिया था। रैना का इस्तीफा नेशनल कान्फ्रेंस के नेतृत्व वाली उमर अब्दुल्ला सरकार के सत्ता संभालने के बाद आया था।

उस समय मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कथित तौर पर उनका इस्तीफा स्वीकार नहीं किया था और उन्हें पद पर बने रहने के लिए कहा था। इसके बावजूद पद की स्थिति को लेकर असमंजस बना रहा।बाद में वर्ष 2025 में सूचना के अधिकार (आरटीआई) के तहत मिले जवाब में कानून विभाग ने भी पुष्टि की थी कि रैना के इस्तीफे की तारीख से एडवोकेट जनरल का पद खाली था।

हाईकोर्ट ने कई बार उठाए थे सवाल

एडवोकेट जनरल जैसे महत्वपूर्ण संवैधानिक पद को लंबे समय तक खाली रखे जाने का मुद्दा जम्मू-कश्मीर एवं लद्दाख हाईकोर्ट में भी कई बार उठा। अदालत ने अलग-अलग मामलों की सुनवाई के दौरान इस रिक्ति पर चिंता जताई और सरकार से स्थिति स्पष्ट करने को कहा।

दिसंबर 2024 को हाईकोर्ट ने एक मामले की सुनवाई के दौरान एडवोकेट जनरल की अनुपस्थिति पर चिंता जताई थी। अदालत ने अगली सुनवाई में एडवोकेट जनरल से सहायता मांगी थी। इसके बाद चार अप्रैल 2025 को हाईकोर्ट ने धर्मार्थ एवं धार्मिक ट्रस्टों से जुड़े मामलों की सुनवाई के दौरान एडवोकेट जनरल की अनुपस्थिति पर सवाल उठाते हुए पूछा था कि जम्मू-कश्मीर आखिर कब तक एडवोकेट जनरल के बिना काम करता रहेगा।

चार जून 2025 को श्री नव दुर्गा झलेरी माता ट्रस्ट बनाम केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर एवं अन्य मामले में हाईकोर्ट ने पद रिक्त रहने के कानूनी प्रभाव पर गंभीर टिप्पणी की थी। अदालत ने कहा था कि एडवोकेट जनरल का पद लंबे समय तक खाली रहने से सिविल प्रक्रिया संहिता की धारा 92 लगभग व्यावहारिक रूप से निष्प्रभावी हो रही है। यह धारा सार्वजनिक धर्मार्थ और धार्मिक ट्रस्टों से जुड़े मामलों में एडवोकेट जनरल की भूमिका से संबंधित है।

उमर सरकार के लिए क्यों अहम है यह नियुक्ति?

मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व वाली निर्वाचित सरकार लंबे समय से एडवोकेट जनरल का पद भरने की मांग कर रही थी। सरकार के लिए यह नियुक्ति इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि प्रशासनिक फैसलों, नीतिगत मामलों, संवैधानिक विवादों और विभिन्न विभागों से जुड़े मुकदमों में एक पूर्णकालिक शीर्ष कानूनी अधिकारी की भूमिका बेहद अहम होती है।

करीब दो साल तक इस पद का खाली रहना न केवल सरकार के कानूनी कामकाज के लिए चुनौती बना रहा,।सैयद फैसल कादरी की नियुक्ति से अब जम्मू-कश्मीर सरकार को शीर्ष स्तर पर स्थायी कानूनी नेतृत्व मिलेगा। साथ ही, लंबे समय से लंबित इस संवैधानिक पद की रिक्ति समाप्त होने से सरकार और न्यायिक व्यवस्था के बीच महत्वपूर्ण कानूनी मामलों में समन्वय को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।