सर्जिकल स्ट्राइक का सुबूत मांगने वाले देश हितैषी नहीं
जागरण संवाददाता जम्मू पाकिस्तान में जैश के ठिकाने पर की गई सर्जिकल स्ट्राइक का सुबूत मां
जागरण संवाददाता, जम्मू : पाकिस्तान में जैश के ठिकाने पर की गई सर्जिकल स्ट्राइक का सुबूत मांगने वाले देश के हितैषी नहीं हैं। यह बात भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री पंडित गोविद राम शर्मा ने कही। वह अखनूर में कार्यकर्ताओं की मासिक बैठक को संबोधित कर रहे थे।
शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दो बार पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों पर सर्जिकल स्ट्राइक कर संदेश दे दिया कि भारत अपने दुश्मनों को उसके घर में घुसकर मार सकता है। दुश्मन हमारी खामोशी को कमजोरी समझ रहा था लेकिन हमारी सेनाएं इतनी सशक्त हैं कि वे दुश्मन को कहीं भी खाक में मिला सकती हैं। उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक का सुबूत मांगने वालों को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि वे लोग हमारे जांबाज जवानों की क्षमता पर संदेह कर रहे हैं और ऐसे लोग कभी भी देश के हितैषी नहीं हो सकते। इस मौके पर पंडित गोविद राम ने कार्यकर्ताओं को चुनाव के लिए तैयार रहने और लोगों को भाजपा की नीतियों के बारे में अवगत करवाने के निर्देश भी दिए। बैठक में भाजपा के युवा नेता एवं प्रदेश सचिव सुरेश शर्मा भी मौजूद थे और उन्होंने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। बैठक में क्षेत्र के सरपंच, पंच व अन्य नेता भी मौजूद थे।