विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जम्मू: डोगरी साहित्य के खजाने में जुड़ा एक और रत्न, 'मनै दे डार' का विमोचन; सुनील शर्मा की डोगरी गजलों ने छुआ दिल

Published: Wed, 25 Nov 2026 05:28 PM (IST)

चीफ इंजीनियर सुनील शर्मा के डोगरी गजल संग्रह 'मनै दे डार' का कला केंद्र जम्मू में विमोचन किया गया। इस साहित्यिक समारोह में साहित्य एवं संस्कृति जगत की कई प्रमुख हस्तियों ने भाग लिया, जिसमें अशोक अंगुराना मुख्य अतिथि थे। 

सुनील शर्मा के गजल संग्रह ‘मनै दे डार’ को साहित्यकारों ने सराहा।  (फोटो- जागरण)

सुनील शर्मा के गजल संग्रह ‘मनै दे डार’ को साहित्यकारों ने सराहा। (फोटो- जागरण)

HighLights

  1. चीफ इंजीनियर सुनील शर्मा का गजल संग्रह विमोचित हुआ।

  2. 'मनै दे डार' डोगरी साहित्य में एक नई कड़ी है।

  3. समारोह में कई प्रमुख साहित्यकार और हस्तियां शामिल हुईं।

जागरण संवददाता, जम्मू। डोगरी साहित्य की समृद्ध परंपरा में एक और कड़ी जोड़ते हुए चीफ इंजीनियर एवं साहित्यकार सुनील शर्मा के डोगरी गजल संग्रह ‘मनै दे डार’ का कला केंद्र जम्मू में विमोचन किया गया। डोगरी संस्था और कला केंद्र जम्मू के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस साहित्यिक समारोह में साहित्य एवं संस्कृति जगत की कई प्रमुख हस्तियों ने भाग लिया।समारोह में पूर्व आईएएस अधिकारी एवं साहित्यकार अशोक अंगुराना मुख्य अतिथि थे और उन्होंने कार्यक्रम की अध्यक्षता भी की। इस अवसर पर पद्मश्री प्रो. ललित मगोत्रा, अध्यक्ष डोगरी संस्था,  वीणा गुप्ता, उपाध्यक्ष डोगरी संस्था, डा. वीणा शर्मा विशेष अतिथि तथा सुशील बेगाना मंच पर उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में सुशील बेगाना ने पुस्तक पर अपना आलेख प्रस्तुत करते हुए इसकी साहित्यिक विशेषताओं और महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने पुस्तक की आलोचनात्मक समीक्षा भी की, जिसे श्रोताओं ने सराहा।

लेखक सुनील शर्मा ने अपनी साहित्यिक यात्रा के अनुभव साझा करते हुए अपनी रचनाओं और गजलों के माध्यम से उपस्थिति को भावविभोर किया। उनकी प्रस्तुति में काव्यात्मकता, सकारात्मक सोच और जीवन के अनुभवों की गहरी झलक देखने को मिली।

सुनील शर्मा की शायरी में उम्मीद और हौसले का संदेश

सुनील शर्मा की शायरी में जीवन की चुनौतियों के बीच उम्मीद और हौसले का संदेश प्रमुखता से उभरकर सामने आया। मुख्य अतिथि अशोक अंगुराना ने भी गजल के प्रति अपने लगाव को साझा किया और डोगरी साहित्य में इस तरह के रचनात्मक प्रयासों के महत्व पर प्रकाश डाला।

पद्मश्री प्रो. ललित मगोत्रा ने सुनील शर्मा की गजलों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी रचनाओं में केवल भावनाओं का प्रवाह नहीं, बल्कि विचारों की गहराई भी दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि लेखक की कविता में सकारात्मकता झलकती है और उनकी शायरी पाठकों को सोचने के लिए प्रेरित करती है। इस दौरान उन्होंने सुनील शर्मा के कुछ शेर उद्धृत करते हुए उनकी रचनात्मक क्षमता की प्रशंसा की।

डोगरी साहित्य को बढ़ावा देने के प्रयासों की सराहना

विशेष अतिथि डा. वीणा शर्मा ने गजल लेखन की प्रक्रिया और इसके विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने सुनील शर्मा की साहित्यिक यात्रा में उन्हें मिले रचनात्मक सहयोग और लेखन के लिए उपलब्ध कराए गए वातावरण का भी उल्लेख किया।

कार्यक्रम का संचालन डा. वीणा गुप्ता ने किया, जबकि धन्यवाद प्रस्ताव भी उन्होंने ही प्रस्तुत किया। समारोह में बड़ी संख्या में साहित्यकारों, लेखकों और कला एवं संस्कृति से जुड़े लोगों ने भाग लेकर डोगरी भाषा और साहित्य के संरक्षण एवं संवर्धन के प्रयासों की सराहना की।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।