विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

JKPSI की परीक्षा स्थगित करने पर अड़े अभ्यर्थी, ठंड में रातभर डटे रहे; विधायक मेहराज मलिक ने दिया समर्थन

Published: Fri, 27 Nov 2026 11:43 AM (IST)

जम्मू में अभ्यर्थी JKPSI परीक्षा स्थगित करने और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग को लेकर रातभर महाराजा हरि सिंह की प्रतिमा के नीचे डटे रहे। दिन में हिरासत के बाद रिहा हुए युवाओं ने आंदोलन जारी रखने का एलान किया।

डोडा के विधायक मेहराज मलिक ने दिया समर्थन। (फोटो- जागरण)

डोडा के विधायक मेहराज मलिक ने दिया समर्थन। (फोटो- जागरण)

HighLights

  1. JKPSI परीक्षा स्थगित करने, पारदर्शिता की मांग पर प्रदर्शन।

  2. रातभर महाराजा हरि सिंह प्रतिमा के नीचे डटे रहे अभ्यर्थी।

  3. डोडा विधायक महराज मलिक ने प्रदर्शनकारियों को दिया समर्थन।

जागरण संवाददाता, जम्मू। JKPSI (पुलिस सब-इंस्पेक्टर) की आगामी परीक्षा स्थगित करने और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने की मांग को लेकर अभ्यर्थियों का प्रदर्शन देर रात तक जारी रहा। दिन में हिरासत में लेने के बाद रिहा किए गए युवाओं ने फिर से आंदोलन शुरू कर दिया। ठंड के बावजूद अभ्यर्थी रातभर महाराजा हरि सिंह की प्रतिमा के नीचे धरने पर बैठे रहे। इस दौरान डोडा के विधायक महराज मलिक भी प्रदर्शनकारियों से मिलने पहुंचे और उन्हें अपना समर्थन दिया।

प्रदर्शन कर रहे युवाओं ने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगें उठाने के बावजूद पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया। रिहाई के बाद भी उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ।

अभ्यर्थियों ने एडीसी पर बातचीत के दौरान उनके साथ उचित व्यवहार नहीं करने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि जब उन्होंने साइंस कॉलेज में पिछली परीक्षा के दौरान हुई गड़बड़ी को लेकर अधिकारियों की जवाबदेही तय करने का सवाल उठाया तो उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला।

आगामी परीक्षा स्थगित करने की अभ्यर्थियों ने उठाई मांग

अभ्यर्थियों ने परीक्षा नियंत्रक को परीक्षा संचालन में हुई कथित अनियमितताओं के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि पिछली घटनाओं के बाद भी युवाओं का भरोसा बहाल नहीं हो पाया है। उन्होंने मांग की कि आगामी परीक्षा स्थगित की जाए और पूरे मामले में पारदर्शी जांच हो।

मांगें नहीं मानीं तो आगामी परीक्षा का बहिष्कार करेंगे अभ्यर्थी

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर जम्मू-कश्मीर के अभ्यर्थी आगामी परीक्षा का बहिष्कार करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस फैसला नहीं होता, उनका आंदोलन जारी रहेगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।