19वीं जम्मू जिला स्पोर्ट क्लाइंबिंग प्रतियोगिता : स्प्रालिंग बड्स स्कूल ओवरऑल चैंपियन बना
स्प्रालिंग बड्स स्कूल बनतालाब ने 19वीं जम्मू जिला स्पोर्ट क्लाइंबिंग प्रतियोगिता में सर्वाधिक नौ पदक जीतकर ओवरऑल चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
जम्मू, जागरण संवाददाता। स्प्रालिंग बड्स स्कूल बनतालाब ने 19वीं जम्मू जिला स्पोर्ट क्लाइंबिंग प्रतियोगिता में सर्वाधिक नौ पदक जीतकर ओवरऑल चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। स्कूल के विद्यार्थियों ने तीन स्वर्ण, तीन रजत और तीन कांस्य पदक जीते।
माउंटेनरिंग एसोसिएशन ऑफ जेएंडके द्वारा आयोजित प्रतियोगिता के जिला से 300 प्रतिभागियों ने लड़कों एवं लड़कियों के विभिन्न वर्गों में भाग लिया। मिनी लड़कियों के वर्ग में सेंट जेवियर कान्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल बरनाई की तनीषा रकवाल को स्वर्ण पदक, अदिति सिंह ने रजत और अंशिका मन्हास ने कांस्य पदक जीते।
मिनी लड़कों के वर्ग में स्प्रालिंग बड्स स्कूल के कशिश, संयम और सिद्धार्थ क्रमश: स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीतने में कामयाब रहे। सब जूनियर लड़कियों के वर्ग में स्प्रालिंग बड्स स्कूल की नंदिनी धर ने पहला, मानसी परिहार ने दूसरा और नम्रता राजपूत ने तीसरा स्थान पाया। सब जूनियर लड़कों के वर्ग में स्प्रालिंग बड्स स्कूल के आदिल ने स्वर्ण, शाइनिंग स्टार हाई स्कूल के गौरव भगत व साहिल कुमार ने रजत और कांस्य पदक जीते।
जूनियर लड़कियों के वर्ग में सोनिया स्वर्ण, अनन्या रजत और हर्षा कांस्य पदक जीतने में कामयाब रही। जूनियर लड़कों के वर्ग में शाइनिंग स्टार एकेडमी मुट्ठी के मंदीप सिंह स्वर्ण, सेंट जेवियर कान्वेंट स्कूल के रिंकु रजत पदक और प्रतीक ने कांस्य पदक जीते। सब जूनियर लड़कों के वर्ग में एसओएस हरमन स्कूल के राहुल शर्मा ने पहला, स्प्रालिंग बड्स स्कूल के रुद्र प्रताप सिंह और रंदीप सिंह ने दूसरा व तीसरा स्थान हासिल किया। अंत में विभिन्न वर्गों के पदक विजेताओं को सम्मानित किया गया।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप