Navratra Festival 2022 : दिव्यांग श्रद्धालुओं को नवरात्र में वैष्णो देवी में मिलेगी निशुल्क घोड़ा व बैटरी कार सेवा
Navratra Festival 2022 नवरात्र के दौरान इस बार भी कटड़ा में भव्य महोत्सव की तैयारी है। प्रथम नवरात्र पर सोमवार को कटड़ा में योग आश्रम के परिसर में मुख्य सचिव डा. अरुण कुमार मेहता दीप जलाकर महोत्सव का शुभारंभ करेंगे।
कटड़ा, राकेश शर्मा : देश-विदेश से माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवा रहे श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने एक और अहम कदम उठाया है। इस बार बोर्ड शारदीय नवरात्र में दिव्यांग श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान निश्शुल्क घोड़ा और बैटरी कार सेवा उपलब्ध करवाएगा।
यही नहीं, उन्हें प्राथमिकता के तौर पर भवन पर माता के वीआइपी दर्शन भी करवाए जाएंगे। बोर्ड ने यात्रा के प्रवेशद्वार दर्शनी ड्योढ़ी के साथ ही आद्कुंवारी व भवन पर श्राइन बोर्ड के अधिकारियों को इस संबंध में जरूरी दिशा निर्देश दे दिए हैं। इसी के साथ 26 सितंबर से शुरू हो रहे नवरात्र को लेकर कटड़ा से भवन तक तैयारियों को भी अंतिम रूप दिया जा रहा है।
श्राइन बोर्ड के सीईओ अंशुल गर्ग ने बताया कि उपराज्यपाल तथा श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के चेयरमैन मनोज सिन्हा के निर्देश पर दिव्यांग श्रद्धालुओं को पवित्र शारदीय नवरात्र के दौरान निश्शुल्क सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी, ताकि अधिक भीड़ में दिव्यांग श्रद्धालुओं को कोई परेशानी न हो। इसके लिए केवल दिव्यांग श्रद्धालुओं को अपना दिव्यांग संबंधित प्रमाणपत्र श्राइन बोर्ड के काउंटर पर दिखाना होगा।
मुख्य सचिव करेंगे महोत्सव का शुभारंभ, तैयारियां तेज : नवरात्र के दौरान इस बार भी कटड़ा में भव्य महोत्सव की तैयारी है। प्रथम नवरात्र पर सोमवार को कटड़ा में योग आश्रम के परिसर में मुख्य सचिव डा. अरुण कुमार मेहता दीप जलाकर महोत्सव का शुभारंभ करेंगे। इसके साथ ही पांच अक्टूबर तक चलने वाले धार्मिक आयोजन शुरू हो जाएंगे। इस समय कटड़ा पूरी तरह सज चुका है। एक ओर जहां जगह-जगह विशाल स्वागत द्वार बनाए गए हैं, वहीं रंग बिरंगी रोशनी आकर्षित कर रही है।
भवन पर एक किलोमीटर के क्षेत्र को सजाया जा रहा : भवन के प्रांगण के एक किलोमीटर के क्षेत्र में देसी-विदेशी फल-फूलों के साथ देवी-देवताओं की मूर्तियां सुसज्जित की जा रही हैं। करीब 300 कारीगर इस कार्य में जुटे हैं। वहीं, मां वैष्णो देवी की स्वर्ण युक्त प्राचीन गुफा के साथ पवित्र अटका स्थल और कृत्रिम गुफाओं को सजाया जा रहा है।
भेंट प्रतियोगिता, शोभा यात्रा सहित कई धार्मिक कार्यक्रम होंगे : कटड़ा में योग आश्रम परिसर में विशाल वाटरप्रूफ पंडाल बनाया जा रहा है। प्रथम नवरात्र से यहां अखिल भारतीय भेंट प्रतियोगिता भी आरंभ हो जाएगी, जो चार अक्टूबर तक जारी रहेगी। इस प्रतियोगिता में देश भर से इच्छुक गायक भाग लेंगे। वहीं, योग आश्रम के प्रांगण में जिला प्रशासन द्वारा झूले स्थापित करने के साथ खाने-पीने के स्टाल भी लगाए जाएंगे। इसके अलावा शोभायात्रा, अंतरराष्ट्रीय दंगल, हास्य व्यंग प्रतियोगिता, प्रभात फेरी, श्रीमद् भागवत कथा, रामलीला, माता रानी की कथा, जागरण, दिव्यांग बच्चों के कार्यक्रम, लाइट एंड साउंड लेजर शो भी आयोजित होगा।
नवरात्र में भवन पर सुबह-शाम होने वाली आरती में देश के प्रसिद्ध गायक भजन प्रस्तुत करेंगे :
26 सितंबर : सुबह प्रसिद्ध गायक सिद्धार्थ मोहन तथा शाम को कलेर कंठ भजन गाएंगे।
27 : सुबह सुमेयर पसरिचा व शाम को मनहर उदास प्रस्तुति देंगे।
28 : सुबह विपिन अनेजा भजन गाएंगे।
29 : सुबह कविता पौडवाल अपनी प्रस्तुति देंगी।
30 : शाम को रिचा शर्मा भेंटे प्रस्तुत करेंगी।
एक अक्टूबर : सुबह श्राइन बोर्ड के गुरुकुल के विद्यार्थी और शाम को रूहानी सिस्टर अपनी प्रस्तुति देंगी।
दो अक्टूबर : सुबह मोहित चौहान व शाम को श्राइन बोर्ड के भजनीक अपनी प्रस्तुति देंगे।
तीन अक्टूबर : सुबह प्रसिद्ध गायक शान तथा शाम को पंजाबी गायक लखङ्क्षवदर वडाली अपनी प्रस्तुति देंगे।
चार अक्टूबर : अंतिम नवरात्र में सुबह सायली कांबले व शाम को पंकज राज व डा. पराखर भजन प्रस्तुत करेंगे।