विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'मैं नजरबंद हूं...', लद्दाख में चुनाव के विरोध के बीच सोनम वांगचुक का दावा; घर के बाहर हथियारबंद जवान तैनात

By Rohit JandiyalEdited By: Dallu Slathia
Published: Fri, 13 Nov 2026 12:23 PM (IST)

जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को लद्दाख में आगामी हिल काउंसिल चुनावों को कड़ाके की ठंड में कराने के विरोध के ...और पढ़ें

सोनम वांगचुक बोले- असहज सवाल पूछने की मिली सजा। (फोटो- इंटरनेट मीडिया)

सोनम वांगचुक बोले- असहज सवाल पूछने की मिली सजा। (फोटो- इंटरनेट मीडिया)

HighLights

  1. सोनम वांगचुक को लद्दाख चुनाव विरोध के चलते नजरबंद किया गया।

  2. कड़ाके की ठंड में चुनाव से 30% मतदाताओं के छूटने की आशंका।

  3. लेह एपेक्स बॉडी ने शांतिपूर्ण धरने के माध्यम से विरोध जताया।

राज्य ब्यूरो, जम्मू। लद्दाख में आगामी चार दिसंबर को होने वाले हिल काउंसिल चुनावों को कड़ाके की ठंड के बीच आयोजित करने के प्रशासन के फैसले के खिलाफ विरोध प्रदर्शन तेज हो गया है। इस बीच जलवायु कार्यकर्ता और लेह एपेक्स बाडी के सदस्य सोनम वांगचुक को नजरबंद कर दिया गया।

वांगचुक ने इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने दावा किया कि उनके आवास के आसपास बड़ी संख्या में हथियारबंद सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है।

उन्होंने लिखा, 'मैं हाउस अरेस्ट हूँ। मेरे घर के चारों ओर हथियारों से लैस दर्जनों गार्ड तैनात हैं, जबकि सरकार का कहना है कि 'मुझे घर पर रहने की सलाह दी गई है'। यह सब इसलिए हुआ क्योंकि मैंने कुछ तीखे सवाल पूछे थे, जैसे कि लेह में पिछले साल हुई हत्याओं की 'न्यायिक जांच आयोग' की रिपोर्ट में देरी क्यों हो रही है? और कड़ाके की ठंड के बीच, लोगों पर एक दिखावटी काउंसिल चुनाव इतनी तेज़ी से क्यों थोपा जा रहा है? पूरा लद्दाख विरोध कर रहा है। दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र में, इंटरनेट मीडिया पर मेरी पहुँच को बुरी तरह दबा दिया गया है।

Screenshot 2026-11-13 120924

प्रदर्शन स्थल से हटाए गए थे सोनम वांगचुक

इससे पहले बुधवार शाम को पुलिस ने उन्हें लेह के एनडीएस मेमोरियल पार्क में प्रदर्शन स्थल से हटा दिया था। वांगचुक वहां आंदोलन की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे थे। पुलिस ने शुरुआत में उन्हें घर पर रहने की सलाह दी थी। इसके बाद लेह के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने औपचारिक निवारक आदेश जारी कर उनकी गतिविधियों पर प्रतिबंध लगा दिया।

पुलिस आदेश में वांगचुक की गतिविधियों का हवाला देते हुए आरोप लगाया गया कि उनके प्रयासों से पहले भी सार्वजनिक व्यवस्था प्रभावित हुई है और भविष्य में उनके प्रदर्शन से शांति भंग होने की आशंका है।

image-fotor-20261113121021

प्रतिबंधों और कड़ी सुरक्षा के बीच लेह में धरना

 

यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है, जब प्रशासन ने हिल काउंसिल, नगरपालिका और पंचायत चुनावों से पहले विरोध प्रदर्शनों पर रोक लगा दी है। हालांकि, प्रतिबंधों और लेह तथा कारगिल में भारी सुरक्षा तैनाती के बावजूद लेह एपेक्स बाडी ने दावा किया कि वीरवार को विभिन्न वर्गों के लोगों ने शांतिपूर्ण धरने में हिस्सा लिया।

लेह अपेक्स बाडी ने अपने बयान में कहा कि लोगों की भागीदारी शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगें उठाने के प्रति उनके विश्वास को दर्शाती है। संगठन ने कहा कि उसका आंदोलन चुनाव कराने के खिलाफ नहीं, बल्कि कड़ाके की ठंड के दौरान चुनाव कराने के फैसले के विरोध में है। संगठन के अनुसार सर्दियों में लद्दाख की बड़ी आबादी क्षेत्र से बाहर रहती है।

दिसंबर में चुनाव से 30 प्रतिशत मतदाताओं के छूटने की आशंका

 

लेह अपेक्स बाडी के सह-अध्यक्ष चेरिंग दोरजे ने कहा कि दिसंबर में चुनाव कराने से बड़ी संख्या में पात्र मतदाता अपने लोकतांत्रिक अधिकार का इस्तेमाल करने से वंचित हो सकते हैं।उन्होंने दावा किया कि सर्दियों के दौरान लद्दाख की करीब 30 प्रतिशत आबादी क्षेत्र से बाहर रहती है, जिससे उनके लिए मतदान करना मुश्किल हो जाता है।

चुनाव स्थगित कराने के लिए राष्ट्रपति, PM और शाह को पत्र

 

इससे पहले सोनम वांगचुक और लेह अपेक्स बाडी के अन्य प्रतिनिधियों ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को अपील भेजकर भीषण सर्दी और मतदाताओं के छूटने की आशंका को देखते हुए चुनाव स्थगित करने की मांग की थी।

लद्दाख के सभी आठ जिलों में होगा चुनाव

 

इन चुनावों की प्रक्रिया 20 अक्टूबर को जारी अधिसूचना के बाद शुरू हुई है। इसके तहत लद्दाख के सभी आठ जिलों में हिल काउंसिल के गठन का रास्ता साफ हुआ है। इनमें नवगठित संकू जिला भी शामिल है। अब तक लद्दाख में केवल दो स्वायत्त पहाड़ी विकास परिषदें थीं, जिनमें एक लेह और दूसरी कारगिल में थी।

मुख्य सचिव आशीष कुंद्रा ने आगामी हिल काउंसिल चुनावों को लद्दाख में लोकतंत्र के लिए एक ऐतिहासिक अवसर बताया है।
चुनाव कार्यक्रम का बचाव करते हुए कुंद्रा ने कहा कि क्षेत्र में स्कूल 15 दिसंबर तक खुले रहते हैं। उन्होंने तर्क दिया कि जब बच्चे सर्दियों में स्कूल जा सकते हैं, तो वयस्क भी अपने मतदान के अधिकार का इस्तेमाल कर सकते हैं।हिल काउंसिल और पंचायत चुनावों के लिए मतदान के बाद 8 दिसंबर को मतगणना होगी।
--

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।