लद्दाख चुनाव से पहले सोनम वांगचुक को नोटिस, बांड भरने के साथ रखी गईं ये शर्तें; जानें पूरा मामला
लद्दाख स्वायत्त पर्वतीय विकास परिषद (एलएएचडीसी) लेह चुनावों से पहले जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को शांति बनाए रखने के लिए बांड भरने का नोटिस मिला है।

लद्दाख चुनाव से पहले सोनम वांगचुक को प्रशासन का नोटिस। (फाइल फोटो)
HighLights
वांगचुक को एलएएचडीसी चुनावों से पहले शांति बांड नोटिस मिला।
प्रशासन ने उन पर विरोध प्रदर्शन और भूख हड़ताल का आरोप लगाया।
वांगचुक ने आरोपों को खारिज करते हुए अपना पक्ष रखा।
राज्य ब्यूरो, जम्मू। लद्दाख स्वायत्त पर्वतीय विकास परिषद (एलएएचडीसी), लेह के आगामी चुनावों से पहले प्रशासन ने जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को शांति बनाए रखने के लिए बांड भरने को लेकर कारण बताओ नोटिस जारी किया है। नोटिस मिलने के बाद वांगचुक वीरवार को अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट लेह के समक्ष पेश हुए और अपना पक्ष रखा।
संविधान दिवस के अवसर पर इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर नोटिस की प्रति साझा करते हुए वांगचुक ने बताया कि उन्हें वीरवार सुबह केंद्र शासित प्रदेश प्रशासन की ओर से समन मिला था।
इसमें उन्हें एडीएम के समक्ष उपस्थित होकर यह स्पष्ट करने को कहा गया था कि उनसे शांति बनाए रखने के लिए बांड भरवाने की कार्रवाई क्यों न की जाए।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सोनम वांगचुक वीरवार को अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट डेलेक्स नामग्याल के समक्ष पेश हुए। उनके खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 126 के तहत धारा 130 के अंतर्गत कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।
प्रशासन की कार्रवाई पर वांगचुक ने उठाए सवाल
प्रशासन की इस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए वांगचुक ने कहा कि वह हमेशा शांतिपूर्ण तरीके से विरोध प्रदर्शन करने की वकालत करते रहे हैं। इसमें धरना और भूख हड़ताल जैसे तरीके शामिल हैं। कड़ाके की ठंड में भी इस तरह के प्रदर्शनों से केवल प्रदर्शनकारियों को परेशानी होती है, किसी अन्य व्यक्ति को नुकसान नहीं पहुंचता।
उन्होंने आरोप लगाया कि उनके बयानों को अक्सर तोड़-मरोड़कर पेश किया जाता है और उनके वास्तविक आशय से अलग अर्थ निकाले जाते हैं। हालांकि, उन्होंने भरोसा जताया कि दस्तावेजी साक्ष्य उनके पक्ष को साबित करेंगे। इस मामले की तुलना करते हुए उन्होंने पिछले वर्ष अपने खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (एनएसए) के तहत हुई कार्रवाई का भी उल्लेख किया।
नोटिस में वांगचुक के भाषण से लेकर भूख हड़ताल की अपील तक का जिक्र
25 नवंबर को जारी नोटिस में अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट लेह डेलेक्स नामग्याल ने कार्रवाई के आधार के रूप में राज्य निर्वाचन आयोग से प्राप्त पत्र, 23 नवंबर को लेह के एनडीएस मेमोरियल पार्क में वांगचुक के संबोधन की प्रतिलिपि और पुलिस रिपोर्ट का उल्लेख किया है। नोटिस में आरोप लगाया गया है कि वांगचुक ने चुनाव अवधि के दौरान सरकारी कर्मचारियों से सामूहिक अवकाश पर जाने की अपील की थी।
इसके अलावा उन्होंने लोगों से सर्दियों में चुनाव कराने के खिलाफ अपना विरोध जारी रखने और 26 नवंबर को एकत्रित होने का आह्वान किया था। नोटिस में यह आरोप भी लगाया गया है कि उन्होंने 27 नवंबर से 4 दिसंबर तक भूख हड़ताल करने की अपील की थी। गौरतलब है कि 4 दिसंबर को मतदान निर्धारित है।
10 हजार रुपये का शांति बांड भरने का प्रस्ताव
प्रशासन ने चुनाव अवधि के दौरान शांति भंग होने और सार्वजनिक व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका जताते हुए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 126 के तहत कार्यवाही शुरू की है। इसी क्रम में धारा 130 के तहत कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
प्रस्तावित बांड की राशि 10 हजार रुपये रखी गई है, जिसे एक महीने की अवधि के लिए भरना होगा। इसके साथ 10-10 हजार रुपये के दो जमानतदार भी देने होंगे। बांड की शर्तों के अनुसार वांगचुक को शांति बनाए रखनी होगी और मतदाताओं, उम्मीदवारों या चुनाव अधिकारियों को बाधित करने, धमकाने अथवा उन पर दबाव डालने से परहेज करना होगा।
वांगचुक ने कहा कि वह मजिस्ट्रेट के समक्ष उपस्थित होकर प्रशासन की कार्रवाई पर अपना स्पष्टीकरण देंगे। उन्होंने कहा कि वह निश्चित रूप से पेश होकर अपना पक्ष रखेंगे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।