जम्मू में खिली धूप, कश्मीर में बर्फबारी
कश्मीर घाटी के उच्च पर्वतीय और कुछ मैदानी इलाकों में बर्फबारी हुई जिससे न्यूनतम तापमान में और गिरावट आई। रामबन जिला में अनोखी फाल इलाके में बुधवार शाम करीब सात बजे भूस्खलन से जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग करीब दो घंटे बाधित रहा।
जेएनएन, जम्मू/ऊधमपुर : जम्मू संभाग में बुधवार सुबह आंशिक कोहरा व बादल छाए रहे, लेकिन दिन चढ़ने के साथ मौसम साफ होता चला गया। दोपहर को तेज धूप रही। वहीं, कश्मीर घाटी के उच्च पर्वतीय और कुछ मैदानी इलाकों में बर्फबारी हुई, जिससे न्यूनतम तापमान में और गिरावट आई। रामबन जिला में अनोखी फाल इलाके में बुधवार शाम करीब सात बजे भूस्खलन से जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग करीब दो घंटे बाधित रहा। इस दौरान हाईवे पर जाम के कारण वाहनों की कतार लग गई। पुलिस कंट्रोल रूम (पीसीआर) रामबन के मुताबिक रात नौ बजे मलबा हटा कर हाईवे को खोल दिया गया।
मौसम विभाग के अनुसार जम्मू संभाग में वीरवार व शुक्रवार को आसमान साफ रहेगा। इस बीच मौसम साफ होते ही माता वैष्णो देवी की यात्रा सुचारु हो गई। आधार शिविर कटड़ा से चलने वाली हेलीकॉप्टर सेवा, वैष्णो देवी मार्ग पर बैटरी कार सेवा और वैष्णो देवी भवन व भैरो घाटी के बीच पैसेंजर केबल कार सेवाओं का श्रद्धालुओं ने लाभ उठाया। जम्मू में वीरवार को तेज धूप और शाम के समय आंशिक बादल छाए रहेंगे। इससे तापमान में बढ़ोतरी होगी और लोगों को ठिठुरन से राहत मिलेगी। हालांकि सुबह धुंध व आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है। शनिवार को फिर मौसम का मिजाज बदलेगा और कुछ इलाकों में बारिश व बर्फबारी होगी।
मौसम के इस बदलाव का असर स्वास्थ्य पर पड़ सकता है। लिहाजा डॉक्टरों की सलाह है कि वे गर्म-सर्द होते मौसम में एहतियात बरतें। इस सबके बीच बुधवार को जम्मू का अधिकतम तापमान 19.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 0.8 डिग्री अधिक है। वहीं, न्यूनतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई। न्यूनतम तापमान 6.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
--------
कहां कितना तापमान रहा
स्थान अधिकतम न्यूनतम
जम्मू 19.6 6.0
बनिहाल 12.5 -1.0
बटोत 9.7 -2.0
कटड़ा 16.5 5.0
भद्रवाह 9.9 -1.3
श्रीनगर 6.2 -0.4
काजीगुंड 6.2 -2.4
पहलगाम 5.0 -5.2
कुपवाड़ा 7.8 -1.3
कोकरनाग 3.3 -4.2
-----------