Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Weather: कश्मीर में फिर बर्फबारी, श्रीनगर समेत इन इलाकों में जमी बर्फ; यातायात के लिए कई सड़कें बंद

    Updated: Wed, 22 Jan 2025 07:53 AM (IST)

    कश्मीर घाटी में एक बार फिर बर्फबारी हुई है। श्रीनगर समेत निचले इलाकों में भी हल्की बर्फबारी हुई है लेकिन बर्फ के साथ हुई बारिश ने इसे जमने नहीं दिया। ...और पढ़ें

    Hero Image
    कश्मीर में एक बार फिर से बर्फबारी हुई है। फाइल फोटो

    जागरण संवाददाता, श्रीनगर/जम्मू। घाटी में मौसम फिर मेहरबान हुआ और उच्च पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी हुई। श्रीनगर समेत निचले इलाकों में भी हल्की बर्फबारी हुई, लेकिन बर्फ के साथ हुई बारिश ने इसे जमने नहीं दिया। उच्च पर्वतीय इलाकों में हुई बर्फबारी के चलते कुपवाड़ा-केरन और बांडीपोरा-गुरेज मार्ग यातायात के लिए एक बार फिर बंद किए गए।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    इधर, बर्फबारी से दिन के तापमान में और गिरावट आने से ठंड का प्रकोप फिर से बढ़ गया है। मौसम विभाग ने बुधवार को भी घाटी में मौसम के मिजाज तीखे बने रहने और इस बीच कई इलाकों में बर्फ व बारिश की संभावना जताई है। इधर, जम्मू में पूरे दिन धूप खिली रही। इससे अधिकतम तापमान में कुछ बढ़ोतरी हुई।

    गुलमर्ग में दो इंच तक जमा हो गई बर्फ

    बता दें कि हाल ही में बर्फबारी के बाद से कश्मीर में मौसम के मिजाज शुष्क बने हुए थे। सोमवार देर शाम से मौसम के मिजाज फिर से बदले और मंगलवार सुबह गुलमर्ग समेत घाटी के उच्च पर्वतीय इलाकों के साथ-साथ कुपवाड़ा, बांडीपोरा बामुला, अनंतनाग, शोपियां व कुलगाम में बर्फबारी शुरू हुई।

    यह भी पढ़ें- Weather: बदलेगा मौसम का मिजाज, हिमपात और वर्षा से बढ़ सकती है ठंड; दिल्ली-पंजाब में होगी बारिश

    इधर, श्रीनगर व इसके साथ सटे इलाकों में भी हल्की बर्फबारी हुई। गुलमर्ग में दो से तीन इंच बर्फ जमा हो गई। साधना टॉप, राजदान पास, अफरवट व अन्य उच्च पर्वतीय इलाके चार से छह इंच बर्फ से ढक गए। श्रीनगर-लेह राजमार्ग पर जोजि ला में भी हिमपात हुआ।

    तापमान बढ़ने से जनवरी में होने लगा मार्च का अहसास

    पिछले कुछ दिनों की गर्मी के बाद जम्मू में जनवरी महीने में ही मार्च महीने जैसा मौसम बनने लगा है। दिन में खिली धूप के बाद रात का तापमान भी सामान्य से ऊपर चल रहा है। ठिठुरन के लिए जाना जाने वाले जनवरी महीने में लगभग पूरा महीना ही तापमान सामान्य या सामान्य से ऊपर रहा है।

    मंगलवार को दिन की खिली धूप के बाद अधिकतम तापमान दो से छह डिग्री सेल्सियस तक सामान्य से ऊपर आ गया है। वहीं, न्यूनतम तापमान भी पूरे जम्मू-कश्मीर में सामान्य से ऊपर चल रहा है। जिस तरह से पिछले दो दिनों में गर्मी बढ़ी है, उसे देखते हुए लगने लगा है कि गर्मी समय से पहले ही दस्तक दे सकती है।

    जम्मू का तापमान 23.4 डिग्री तक पहुंचा

    जम्मू का अधिकतम तापमान 23.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 5.8 डिग्री सेल्सियस अधिक है। न्यूनतम तापमान 9.0 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि सामान्य तापमान 6.9 डिग्री सेल्सियस है। न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.8 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।

    बनिहाल का अधिकतम तापमान 12.6 डिग्री रहा जो सामान्य से 2.5 डिग्री ज्यादा है। न्यूनतम तापमान 1.0 डिग्री सेल्सियस रहा। भद्रवाह का अधिकतम तापमान 13.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जो सामान्य से 2.6 डिग्री अधिक है।

    यह भी पढ़ें- UP Weather Update: पूर्वी यूपी में घना कोहरा तो पश्चिम में बूंदाबांदी, 48 घंटे में बदलेगा मौसम; यहां वज्रपात का अलर्ट