Srinagar-Leh Road: जोजिला पास खोलने में जुटे बर्फ के योद्धा, पिछले 5 दिनों से यातायात के लिए है बंद
जोजिला पास पर यातायात सुचारू होने की स्थिति में सोनमर्ग से गुमरी के लिए पहले सेना की कार्रवाई को भेजा जाएगा। अगर मौसम ठीक रहा तो सोनामार्ग से करगिल के लिए वाहन छोड़े जा सकते हैं। सबसे पहले रास्ते में फंसे वाहनों को निकाला जाएगा।
जम्मू, राज्य ब्यूरो: भारी बर्फबारी के कारण बंद हो गए श्रीनगर लेह राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात को सुचारू करने के लिए सीमा सड़क संगठन के बहादुर जवान मौसम की चुनौतियों के बीच जोजिला पास में पटाने का कार्य कर रहे हैं।
श्रीनगर लेह राष्ट्रीय राजमार्ग राजमार्ग भारी बर्फबारी के कारण पिछले 5 दिनों से यातायात के लिए बंद है। ऐसे में कारगिल के द्रास, सोनामर्ग, गगनगीर व कुलान इलाके में काफी वाहन फंसे हुए हैं। इन हालात में लेह व करगिल के लोगों ने उपराज्यपाल प्रशासन से भी इस दिशा में सहयोग करने के लिए कहा है। रास्ते में फंसे लोगों व वाहन चालकों को ठंड में दिक्कतें हो रही हैं।
द्रास के एसडीएम असगर असगर हुसैन का कहना है कि बर्फ हटाने का कार्य जोर-शोर से जारी है। सीमा सड़क संगठन ने जोजिला पास से बर्फ हटाने का अभियान छेड़ रखा है। जोजिला में तीन जगह पर हिमस्खलन के कारण रास्ता बंद हो गया था। खराब मौसम के कारण भी सड़क हटाने बर्फ हटाने के काम में मुश्किलें आ रही हैं। इसी बीच जोजिला पास पर यातायात सुचारू होने की स्थिति में सोनमर्ग से गुमरी के लिए पहले सेना की कार्रवाई को भेजा जाएगा। अगर मौसम ठीक रहा तो सोनामार्ग से करगिल के लिए वाहन छोड़े जा सकते हैं। सबसे पहले रास्ते में फंसे वाहनों को निकाला जाएगा।
सामान्य तौर पर नवंबर महीने में लद्दाख सड़क मार्ग से शेष देश से कट जाता है। लेकिन अब पूरी कोशिश की जा रही है कि जोजिला पास को यातायात के लिए अधिकतर समय खुला रखकर जनजीवन को सामान्य बनाए रखा जाए। इस चुनौती का सामना करने के लिए सीमा सड़क संगठन के जवान इस बार पहले से भी कहीं अधिक हिम्मत के साथ काम कर रहे हैं। ऐसा एक वीडियो सोशल साइट ट्विटर पर भी जारी हुआ है।
इसमें सीमा सड़क संगठन के जवान जोजिला पास में पड़ी भारी बर्फ को हटाने के लिए काम कर रहे हैं। इस समय जोजिला में शून्य से नीचे के तापमान में काम करना बहुत कठिन है।