जम्मू के बाजारों में ग्राहकों के नाम पर सड़क पर कब्जा, रघुनाथ बाजार से मोती बाजार तक अवैध पार्किंग; लोग परेशान
जम्मू के व्यस्त बाजारों में दुकानदार अपनी दुकानों के सामने ग्राहकों के लिए अस्थायी पार्किंग बना रहे हैं, जिससे सड़कें ...और पढ़ें

जम्मू में रघुनाथ बाजार से मोती बाजार तक सड़क पर अवैध पार्किंग का कब्जा। (फाइल फोटो)
HighLights
दुकानदार ग्राहकों के लिए सार्वजनिक सड़कों पर पार्किंग बना रहे हैं।
इससे शहर की पहले से संकरी सड़कें और अधिक सिकुड़ रही हैं।
यातायात पुलिस ने अवैध पार्किंग पर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
जागरण संवाददाता, जम्मू। शहर के व्यस्त बाजारों में यातायात व्यवस्था पहले ही वाहनों की बढ़ती संख्या और पार्किंग की कमी के कारण चरमराई हुई है। अब दुकानदारों और शोरूम संचालकों की ओर से प्रतिष्ठानों के बाहर ही अस्थायी पार्किंग स्थल विकसित किए जाने से समस्या और गंभीर होती जा रही है। शहर के कई बाजारों में दुकानदारों ने अपनी दुकानों के आगे ग्राहकों के लिए पार्किंग निर्धारित कर दी है। इसके लिए बाकायदा बोर्ड लगाकर लिखा जा रहा है कि संबंधित दुकान या शोरूम में खरीदारी करने वाले ग्राहक यहां अपने वाहन खड़े कर सकते हैं।
इस व्यवस्था के कारण सार्वजनिक सड़कों का एक हिस्सा निजी पार्किंग में तब्दील होता जा रहा है। पुराने शहर के लिंक रोड, पुरानी मंडी, जैन बाजार और मोती बाजार में ऐसे नजारे आम होते जा रहे हैं।
इसके अलावा रघुनाथ बाजार, कनक मंडी, राज तिलक रोड, शहीदी चौक, पक्का डंगा और सिटी चौक जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों में भी पार्किंग की समस्या बनी रहती है। इन बाजारों में सड़कें पहले से ही अपेक्षाकृत संकरी हैं। ऐसे में दुकानों के आगे वाहन खड़े होने से सड़क पर उपलब्ध जगह और कम हो जाती है।
ग्राहकों के नाम पर सड़क पर कब्जा
स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ दुकानदारों ने अपने प्रतिष्ठानों के सामने इस तरह पार्किंग की व्यवस्था कर रखी है, मानो सड़क का वह हिस्सा उनकी निजी संपत्ति हो।
दुकानों के आगे बोर्ड लगाकर ग्राहकों को वाहन खड़े करने की अनुमति देने से दूसरे वाहन चालकों के लिए परेशानी खड़ी हो रही है। कई बार एक ही सड़क पर दोनों तरफ वाहन खड़े होने के कारण सड़क इतनी संकरी हो जाती है कि दो बड़े वाहन एक साथ आसानी से नहीं निकल पाते।
कार्रवाई नहीं होने से बढ़ रहे हौसले
सबसे बड़ा सवाल यह है कि सार्वजनिक सड़कों पर इस तरह अस्थायी पार्किंग विकसित करने की अनुमति आखिर किसने दी है? नगर निगम और यातायात पुलिस की जिम्मेदारी है कि सड़कों को अतिक्रमण और अवैध पार्किंग से मुक्त रखा जाए। इसके बावजूद बाजारों में दुकानों के आगे पार्किंग के नाम पर जगह घेरने का सिलसिला जारी है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि संबंधित विभागों की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं होने के कारण दुकानदारों के हौसले बढ़ रहे हैं। लोगों का कहना है कि प्रशासन को बाजारों का निरीक्षण कर ऐसे बोर्ड हटवाने चाहिए और सड़क पर अवैध रूप से पार्किंग की जगह बनाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए।
सड़कों पर अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं
ट्रैफिक सिटी नार्थ डीएसपी अश्विनी शर्मा ने कहा कि सड़कों पर अवैध पार्किंग बर्दाश्त नहीं होगी। दुकानदारों को अपनी दुकानों के आगे सार्वजनिक सड़क पर ग्राहकों के लिए पार्किंग निर्धारित करने का अधिकार नहीं है।
सड़क का इस्तेमाल सभी लोगों के आवागमन के लिए होता है। यदि किसी दुकानदार ने सड़क पर इस तरह पार्किंग स्थल बनाया है या बोर्ड लगाकर जगह आरक्षित की है तो यह जांच का विषय है। यातायात पुलिस ऐसे मामलों का संज्ञान लेकर कार्रवाई करेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।