'चलो कश्मीर' कार्यक्रम को सफल बनाने में जुटी शिवसेना, देशभर से शिव सैनिक होंगे शामिल
शिवसेना ठाकरे 29 जून को चलो कश्मीर के कार्यक्रम को सफल बनाने को जुट गई है।इसमें देश भर से शिव सैनिक जम्मू आएंगे। अभी तक हिमाचल प्रदेश पंजाब हरियाणा दिल्ली व महाराष्ट्र से कार्यकर्ताओं के जम्मू आने की सहमति आ चुकी है।
जम्मू, जागरण संवाददाता। शिवसेना ठाकरे 29 जून को 'चलो कश्मीर' के कार्यक्रम को सफल बनाने को जुट गई है। यह यात्रा घाटी में हिंदुओं का मनोबल ऊंचा करने के लिए शिवसेना ठाकरे द्वारा रखी गई है। इसमें देश भर से शिव सैनिक जम्मू आएंगे। अभी तक हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली व महाराष्ट्र से कार्यकर्ताओं के जम्मू आने की सहमति आ चुकी है। यात्रा जम्मू से श्रीनगर के लिए रवाना होगी और पहलगाम तक जाएगी।
मार्ग में बाबा अमरनाथ यात्रा के श्रद्धालुओं से भी मुलाकात की जाएगी और हिंदू लोगों का मनोबल बढ़ाया जाएगा। शिवसेना जम्मू-कश्मीर के प्रधान मनीश साहनी ने कहा कि यात्रा के लिए तैयारियां जारी है। इस यात्रा की रवानगी के लिए केंद्रीय नेता आएंगे। चूंकि कश्मीर ऋषि मुनियों की धरती है। यहां पर माता वैष्णो देवी जी का धाम है। जगह-जगह मंदिर हैं। यहां हिंदू नही आएगा तो कहां आएगा। मगर पाकिस्तान नही चाहता कि जम्मू-कश्मीर में हिंदू आए। इसलिए पाकिस्तान आतंकवाद को बढ़ावा देने में लगा है। शिवसेना की कश्मीर यात्रा आतंकियों पर करार प्रहार करने के लिए है। हम कहना चाहते हैं कि आतंकवादी चाहे कितने भी मंसूबे बना लें।
जम्मू-कश्मीर में हिंदुओं का आना जारी रहेगा। घाटी के कुछ शरारती तत्व कश्मीरी हिंदुओं को निशाना बनाकर डर का वातावरण पैदा कर रहे हैं। केंद्र सरकार की जिम्मेदारी बनती है कि शरारती तत्वों, आतंकियों पर करारा प्रहार किया जाए। आतंकियों के खत्म करने के लिए सख्त अभियान छेड़ा जाना चाहिए। जम्मू-कश्मीर हिंदुओं की धरती है और यहां हिंदुओं को आने से कोई रोक नही सकता। इसी को लेकर शिव सेना कश्मीर चलो का कार्यक्रम का आयोजन कर रही है। हम लाल चौक भी जाएंगे और पहलगाम में बाबा अमरनाथ यात्रियों से भी मुलाकात करेंगे। कश्मीर चलो कार्यक्रम के लिए शिवसेना ने अपनी तैयारियां आरंभ कर दी हैं। जगह जगह बैठकों का आयोजन किया जा रहा है।