कश्मीर: नाज क्रॉसिंग पर कैसे भड़की थी हिंसा? 30 साल पहले बाद शब्बीर अहमद शाह समेत 3 हुर्रियत नेताओं पर आरोप तय
जम्मू की एनआईए विशेष अदालत ने श्रीनगर के नाज क्रासिंग पर 1996 में हुई हिंसा के मामले में अलगाववादी नेता ...और पढ़ें

1996 श्रीनगर हिंसा मामले में तीन के खिलाफ आरोप तय। (AI Generated)
HighLights
1996 श्रीनगर नाज क्रासिंग हिंसा मामले में आरोप तय।
शब्बीर शाह सहित तीन हुर्रियत नेताओं पर आरोप।
एनआईए ने पूर्व नियोजित साजिश का दावा किया।
जागरण संवाददाता, जम्मू। करीब तीन दशक पुराने श्रीनगर के नाज क्रासिंग हिंसा मामले में एनआइए की विशेष अदालत जम्मू ने अलगाववादी नेता शब्बीर अहमद शाह समेत हुर्रियत से जुड़े तीन नेताओं के खिलाफ आरोप तय कर दिए हैं। विशेष अदालत ने शब्बीर अहमद शाह, जावेद अहमद मीर और शकील अहमद बख्शी के खिलाफ रणबीर दंड संहिता (आरपीसी) की विभिन्न धाराओं तथा गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) की धारा 13 के तहत आरोप निर्धारित किए हैं।
यह मामला 17 जुलाई 1996 को श्रीनगर के नाज क्रासिंग पर हुई हिंसा से संबंधित है। अभियोजन पक्ष के अनुसार, मारे गए आतंकी हिलाल अहमद बेग के शव को लेकर निकाला गया अंतिम संस्कार जुलूस हिंसक हो गया था।
इस दौरान भारी पथराव किया गया, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात पुलिसकर्मियों पर हमले किए गए।
जुलूस में लगे भारत विरोधी नारे
एनआइए के अनुसार जुलूस में बड़ी संख्या में लोग शामिल थे और इस दौरान भारत विरोधी तथा पाकिस्तान समर्थक नारे लगाए गए। पुलिस द्वारा जुलूस को नियंत्रित करने और यातायात बहाल करने का प्रयास किए जाने पर भीड़ के कुछ सदस्यों ने पुलिसकर्मियों पर हमला किया। अभियोजन पक्ष ने यह भी आरोप लगाया कि भीड़ में छिपे हथियारबंद आतंकियों ने पुलिसकर्मियों पर गोलीबारी की थी।
30 साल बाद NIA ने फिर खोली फाइल
इस मामले में शुरुआत में श्रीनगर के शेरगढ़ी पुलिस स्टेशन में एफआइआर दर्ज की गई थी। करीब 30 वर्ष बाद राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआइए) ने जांच अपने हाथ में लेते हुए तीन अप्रैल 2026 को केस दोबारा दर्ज किया। एनआइए का दावा है कि हिंसा अचानक नहीं हुई थी, बल्कि इसके पीछे पूर्व नियोजित साजिश थी।
जावेद अहमद मीर और शकील अहमद बख्शी भी जुलूस में थे सक्रिय
एनआइए के मुताबिक, शब्बीर अहमद शाह ने भीड़ को एकत्रित करने और जुलूस के दौरान भड़काऊ भाषण देने में प्रमुख भूमिका निभाई, जबकि जावेद अहमद मीर और शकील अहमद बख्शी भी जुलूस में सक्रिय रूप से शामिल थे। एजेंसी ने अपने दावों के समर्थन में पुलिसकर्मियों के बयान, गवाहों के कथन, दस्तावेजी रिकार्ड और अन्य सबूत अदालत में पेश किए।
5 दिसंबर को होगी मामले की अगली सुनवाई
रिकार्ड पर उपलब्ध सामग्री की जांच करने के बाद अदालत ने तीनों आरोपितों के खिलाफ आरपीसी की धाराओं 120-बी, 336, 353, 147, 148 और 149 तथा यूएपीए की धारा 13 के तहत आरोप तय किए। अदालत ने केस की अगली सुनवाई पांच दिसंबर को निर्धारित की है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।