स्प्रे करते समय पीठ पर केमिकल गिरने से सात सफाई कर्मी जख्मी
स्प्रे करते सात सफाई कर्मचारी हुए जख्मी
जागरण संवाददाता, जम्मू : शहर में कोरोना के संक्रमण से लोगों को बचाने के लिए स्प्रे कर रहे सात सफाई कर्मचारी पीठ पर केमिकल गिरने से जख्मी हो गए हैं। नगर निगम की तरफ से सही किट नहीं मिलने के कारण पीठ पर उठाई जाने वाली मशीन से केमिकल पीठ पर गिर गया था। इससे उनके अलावा अन्य सफाई कर्मियों में भी डर है और वे स्प्रे के काम पर जाने से कतरा रहे हैं।
अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ के राज्य प्रधान लक्की चिद्दा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने जम्मू नगर निगम की पब्लिक हेल्थ एंड सेनिटेशन कमेटी के चेयरमैन बलदेव सिंह बलोरिया से भी भेंट की। चिद्दा ने कहा कि शहर में स्प्रे कर रहे सात सफाई कर्मी केमिकल लगने से जख्मी हो चुके हैं। एक ही हालत खराब है। उसकी हालत इतनी खराब है कि वह घर में लेटा रहता है। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी शहर के लोगों को कोरोना से बचा रहे हैं, लेकिन उनकी परवाह कोई नहीं कर रहा है। जम्मू नगर निगम ने जो किट उन्हें दी है, उससे केमिकल नहीं रुक पा रहा है। उन्होंने चेयरमैन से कहा कि वह बढि़या किट मंगवाकर सफाई कर्मियों में वितरित करें ताकि उनकी सुरक्षा पुख्ता हो सके। ----बयान-----
तीन-चार सफाई कर्मी केमिकल लगने से जख्मी हुए हैं। हमारे कर्मी एक्सपर्ट नहीं हैं। शुरू में कई लोगों ने ज्यादा केमिकल मिला दिया। इस कारण परेशानी हुई। सभी सेनेटरी सुपरवाइजरों को निर्देश दिए गए हैं कि वह अपनी देखरेख में केमिकल को पानी में मिलाकर घोल तैयार करवाएं। कुछ नए किट मंगवाने के प्रयास हो रहे हैं। जम्मू में ये नहीं मिल रहे हैं।
-बलदेव सिंह बलोरिया, चेयरमैन, पब्लिक हेल्थ एंड सेनिटेशन कमेटी, नगर निगम