विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सरकारी स्कूल को भी नहीं बख्शा, बाथरूम के नल और मिड-डे मील के बर्तन तक ले उड़े चोर; जम्मू पुलिस ने ऐसे दबोचे

Published: Fri, 20 Nov 2026 11:54 AM (GMT+05:30)

जम्मू के कासाबान स्थित सरकारी हायर सेकेंडरी स्कूल में हुई चोरी का मामला पुलिस ने सुलझा लिया है। दो आरोपितों को गिरफ्तार कर कबाड़ की दुकान से 70 हजार रुपये के नल और मिड-डे मील के बर्तन बरामद किए गए हैं। 

कबाड़ की दुकान से स्कूल के नल और मिड-डे मील के बर्तन बरामद ।

कबाड़ की दुकान से स्कूल के नल और मिड-डे मील के बर्तन बरामद ।

HighLights

  1. सरकारी स्कूल कासाबान में चोरी का मामला सुलझाया गया।

  2. पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार कर सामान बरामद किया।

  3. कबाड़ की दुकान से नल और मिड-डे मील बर्तन मिले।

जागरण संवाददाता, जम्मू। जम्मू के गुज्जर नगर के बाजार कासाबान स्थित सरकारी हायर सेकेंडरी स्कूल में हुई चोरी की वारदात को पुलिस ने सुलझाते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर करीब 70 हजार रुपये का चोरी का सामान बरामद किया है।

बरामद सामान में स्कूल के वाशरूम और प्रयोगशाला से चोरी किए गए नल तथा मिड-डे मील तैयार करने में इस्तेमाल होने वाले बर्तन शामिल हैं।

बीते शुक्रवार को स्कूल के प्रिंसिपल ने पुलिस को शिकायत दी थी कि स्कूल परिसर से वाशरूम और प्रयोगशाला के नल गायब हैं। इसके अलावा मिड-डे मील के लिए रखे गए कुछ बर्तन भी चोरी हो गए हैं। शिकायत मिलने के बाद थाना पीर मिट्ठा में मामला दर्ज किया गया था।

फोटोग्राफी कर जुटाए अहम सबूत

मामले की जांच कर रहे पुलिस कर्मियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर नक्शा तैयार किया और फोटोग्राफी के साथ फोरेंसिक सबूत भी जुटाए। पुलिस ने मौके से फिंगरप्रिंट सहित अन्य तकनीकी साक्ष्य एकत्रित किए।

इसके अलावा इलाके में लगे कई सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और काल डिटेल रिकार्ड तथा टावर डंप का विश्लेषण किया गया।

नरवाल की कबाड़ दुकान से चोरी का सामान बरामद

जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर गुज्जर नगर पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, आरोपितों से पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर नरवाल स्थित एक कबाड़ की दुकान से चोरी किए गए नल और बर्तन बरामद किए गए। दोनों आरोपित फिलहाल पुलिस रिमांड पर हैं और मामले में आगे की जांच जारी है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।